आगरालीक्स…आगरा में 4 जुलाई को शादी, 17 दिन बाद दुल्हन प्रेमी के साथ कैश और ज्वैलरी लेकर आधी रात को गायब. पुलिस ने 24 घंटे में पकड़ी…
आगरा के शमसाबाद के रहने वाले युवक की 4 जुलाई को धूमधाम से शादी हुई. शादी वाले घर में खुशियों का माहौल छाया हुआ था लेकिन शादी के 17 दिन बाद दुल्हन आधी रात को अचानक गायब हो गई. दूल्हे और उसके परिजनेां को पता चला कि दुल्हन अपने प्रेमी के साथ भाग गई है और साथ में ज्वैलरी और कैश ले गई है. तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी गई जिसके 24 घंटे में ही थाना शमसाबाद पुलिस ने दुल्हन सहित चार लोगों को अरेस्ट किया है. इनके पास से ज्वैलरी और कैश भी बरामद किया गया है.4 जुलाई को हुई थी शादी
शमसाबाद के रहने वाले सचिन शर्मा ने बताया कि 4 जुलाई को उसकी शादी कविता नाम की युवती से हुई थी.
21 जुलाई को रात 12.30 बजे कविता 01 मंगलसूत्र, 02 सोने की अगूँठी को लेकर घर से फरार हो गयी. सचिन को बाद में पता चला कि अरुण उर्फ सूरज पुत्र देवेन्द्र, धर्मपाल पुत्र सिद्धगोपाल, ओमप्रकाश पुत्र शिवलाल, राजेन्द्र पुत्र मंसाराम, विरमादेवी पत्नी मुकेश व शिवलाल पुत्र नामालूम के द्वारा षड्यंत्र रचकर वादी की शादी कविता से करायी थी. इस संबंध में मुकदमा दर्ज कराया गया.
उक्त प्रकरण को गम्भीरता से लेते हुये अभियुक्तगण की गिरफ्तारी हेतु उच्चाधिकारियों द्वारा थाना शमशाबाद पर पुलिस टीमों का गठन किया गया। इसी क्रम में 22जुलाई को थाना शमशाबाद पुलिस टीम द्वारा थाना क्षेत्रान्तर्गत चैकिंग की जा रही थी। चैकिंग के दौरान पुलिस टीम को मुखबिर द्वारा सूचना प्राप्त हुयी कि उक्त घटना में संलिप्त अभियुक्तगण साइकिल ट्रैक पर धिमश्री रेलवे अण्डर पास के नीचे खडे है. पुलिस टीम द्वारा मुखबिर की सूचना के आधार पर तत्काल कार्यवाही करते हुये 02 महिला अभियुक्ता व 02 अभियुक्तगण अरुण उर्फ सूरज पुत्र देवेन्द्र व धर्मपाल उर्फ हरिसिंह पुत्र सिद्धगोपाल को साइकिल ट्रैक पर धिमश्री रेलवे अण्डर पास से गिरफ्तार किया गया. अभियुक्तगण के कब्जे से 01 अदद मंगलसूत्र, 02 अदद अंगूठी (पीली धातु), 01 जोडी कानो की गोल बाली (पीली धातु) व 9000/- रुपये बरामद हुआ.
पकड़े गए आरोपियों के नाम
- अरुण उर्फ सूरज पुत्र देवेन्द्र निवासी ग्राम आमरी थाना शिकोहाबाद जनपद फिरोजाबाद
- धर्मपाल उर्फ हरिसिंह पुत्र सिद्धगोपाल निवासी ग्राम मल्लपुर थाना खंदौली कमिश्नरेट आगरा
- 01 महिला अभियुक्ता निवासी ग्राम मोहनियां थाना मोहनियां जनपद भवुआ राज्य बिहार
- 01 महिला अभियुक्ता निवासी ग्राम पछिया का नगला हुमांयुपुर थाना दक्षिण जनपद फिरोजाबाद