आगरालीक्स …Agra News: आगरा में इंजीनियर का शव होटल में मिला, सुसाइड नोट में लिखा मैं उसका पहला मरीज वह मेरी आखिरी डॉक्टर। एसएन मेडिकल कॉलेज, एक महिला डॉक्टर का नाम और नंबर भी सुसाइड नोट में लिखा है। ( Agra News: 31 year old Meerut Engineer found dead in Hotel in Agra#Agra)
आगरा के पंचकुइयां स्थित होटल खूबसूरत में मेरठ के रहने वाले 31 साल के इंजीनियर रोहित ने रविवार को कमरा नंबर 204 लिया था। सोमवार सुबह काफी देर तक कमरा न खुलने पर होटल के मैनेजर ने पुलिस को सूचना दी। एसीपी लोहामंडी मयंक तिवारी का मीडिया से कहना है कि पुलिस होटल खूबसूरत में पहुंची और कमरे का दरवाजा तोड़ा, अंदर पंखे पर फंदे पर शव लटका हुआ था। मेज पर एक पर्ची मिली, उस पर पेन ड्राइव के बारे में लिखा हुआ था। पुलिस ने पेन ड्राइव खोली तो पीडीएफ फाइल में सुसाइड नोट मिला।
मैं उसका पहला मरीज, वह मेरी आखिरी डॉक्टर
सुसाइड नोट जिस तरह से लिखा गया है उससे बहुत कुछ स्पष्ट नहीं है। सुसाइड नोट में सबसे पहली लाइन में उसने एसएन मेडिकल कॉलेज और एक महिला डॉक्टर का नाम लिखा है और नंबर लिखा है। उसके बाद लिखा है कि तुम किसी को नहीं बताओगे पहले पेन ड्राइव में मेरा नोट पढ़ लो। आईआईटी मुंबई का कार्ड है वहीं है पेन ड्राइव, फाइल का नाम है मोहित पीडीएफ, किसी को जांच करने की जरूरत नहीं है यह मेरा निर्णय है।
मेरा शरीर एसएन मेडिकल कॉलेज को दान करें दें
सुसाइड नोट में इच्छा सूची कॉलम में मोहित का नंबर और दो मोबाइल नंबर लिखे हैं। दोनों नंबर विदेशी हैं और नीचे लिखा है कि कुछ करने की जरूरत नहीं है, 13 दिन का ड्रामा कुछ नहीं करना, रिश्तेदारों को भी कुछ नहीं बताना, यह भी लिखा है कि अगर लास्ट टाइम यू टर्न मारना होता तो डॉक्टर बचा लेती। मेरा शरीर एसएन मेडिकल कॉलेज को दान कर दिया जाए। संभव हो सके तो अंगदान कर दो।
बड़ा भाई साइंटिस्ट
पुलिस पूछताछ में पता चला कि रोहित मूल रूप से शिवरामपुरम गोलाबाग रोहटा मार्ग मेरठ का रहने वाला है, उसके पिता सुखदेव चंद ने पुलिस को बताया कि उनके दो बेटे और दो बेटियां हैं। रोहित ने गाजियाबाद से इंजीनियरिंग की है। बड़े भाई ने आईआईटी मुंबई से पढ़ाई की और वह साइंटिस्ट हैं, दोनों बेटियों की शादी हो चुकी है, पौने दो साल पहले रोहित की मां का निधन हो गया था इसके बाद से वे और रोहित साथ रह रहे थे वे पुलिस से रिटायर हैं और 10 जुलाई से रोहित घर से बाहर था।