आगरालीक्स…आगरा के एसआरके मॉल में 10वीं के छात्र ने किया धमाका. दो दोस्त और एक छात्रा भी थी साथ. चारों कार में लेकर आए थे आतिशबाजी.
आगरा के एसआरके कॉल में सोमवार शाम को होंडा सिटी कार से 10वीं का एक छात्र पहुंचा. उसके साथ कार में उसके दो दोस्त और एक और छात्रा थी. चारों कार लेकर मॉल की पार्किंग में पहुंचे. छात्र ने पहली मंजिल पर जाने वाली सीढ़ियों पर सुतली बम से तेज धमाका कर दिया.मॉल में मच गया हड़कंप
मॉल में हुए अचानक इस धमाके से हड़कंप मच गया. धमाके की आवाज इतनी तेज थी कि पांच मजिल मॉल में लोग दहशत में आ गए. दुकानदार, रेसटोरेंट और मल्टीप्लेक्स से लोग बाहर निकल आए और अफरातफरी मच गई. तभी मौके पर मॉल के मालिक रोमित कपूर भी आ गए. इधर मॉल के कर्मचारियों को पार्किंग में तीन लड़के भागते दिखे. वे अपनी कार को लेकर तेजी से बाहर जाने लगे.
कार में मिली आतिशबाजी
शक होने पर निकास गेट पर सुरक्षाकर्मी ने कार रोक ली और पूछताछ की गई. इसके बाद कार की तलाशी ली तो उसमें आतिशबाजी निकली. इसमें एक डब्बा सुतली बम का था और दो डबल स्काई शॉट के थे. पार्किंग में लगे सीसीटीवी चेक किए गए तो उसमें तीनों किशेर आतिशबाजी का धमाका करने के बाद भागते दिखे.
मॉल प्रबंधन ने इसकी सूचना पुलिस को दी और मौके पर पुलिस पहुंच गई. चारों को पुलिस के हवाले कर दिया. मॉल मालिक रोमित कपूर ने थाना न्यू आगरा में तहरीर दी है. उनका कहना है कि धमाका इतना तेज था कि उससे मॉल में लोग दहशत में आ गए और नुकसान भी हुआ है. उन्होंने कानूनी कार्रवाई की मांग की है. पुलिस के अनुसार तीनों किशोर सिकंदरा क्षेत्र के हैं और किशोरी खेरिया मोड़ क्षेत्र की है. पुलिस ने सभी के परिजनेां को भी बुलाया है. अभी पूछताछ की जा रही है.