आगरालीक्स…आगरा में डीएम के पास थैली में ककोड़े लेकर पहुंचा किसान, बोला—साहब मेरा काम हो गया, अब कोई परेशानी नहीं…मुस्कुराए डीएम ने जताया किसान का आभार
आगरा के कलक्ट्रेट में शुक्रवार को जनसुनवावई चल रही थी. जिलाधिकारी मनीष बंसल लोगों की समस्याएं सुन रहे थे और उनके निराकरण के आदेश दे रहे थे. तभी एक किसान अपने हाथ में थैली लेकर आया और डीएम के आगे थैली देते हुए बोला—साहब जमीन की पैमाइश हो गई है, अब कोई परेशानी नहीं है. यह मेरे खेत के जंगली ककोड़े हैं. आपका धन्यवाद करने आया हूं. किसान की सादगी और चेहरे पर झलकती खुशी देखकर डीएम भी मुस्कुरा उठे और उन्होंने ककोड़ों को अनमोल बाते हुए किसान का आभार भी जताया.
ये है मामला
मामला तहसील बाह के ग्राम बसई अरेला में रहने वाले किसान रामप्रकाश पुत्र रोशनलाल का है. किसान की भूमि की पैमाइश पिछले तीन सालों से लंबित थी. रामप्रकाश का कहना था कि राजस्व निरीक्षक और लेखपाल बार बार पैमाइश टाइल रहे थे. शिकायत करने पर भी कार्रवाई की बजाय मामला दबाने का प्रयास किया जा रहा था. किसान का आरोप था कि उसकी जमीन पर किसी अन्य व्यक्ति ने कब्जा कर लिया था.
डीएम ने लगाई थी फटकार
6 जुलाई को तहसील बाह में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस लगाया गया था. इस पर किसान रामप्रकाश ने यहां डीएम मनीष बंसल के सामने अपनी समस्या रखी. शिकायत को गंभीरता से लेते हुए डीएम ने मौके पर ही संबंधित राजस्व निरीक्षक को तलब किया और लापरवाही पर फटकार लगाते हुए तत्काल जमीन की पैमाइश के निर्देश दिए थे. डीएम के आदेश के बाद राजस्व भिाग की टीम ने किसान की भूमि की पैमाइश पूरी कर दी.
डीएम को ककोड़े देकर दिया धन्यवाद
सालों से लंबित समस्या का समाधान होने के बाद किसान रामप्रकाश आज शुक्रवार को कलक्ट्रेट में डीएम की अध्यक्षता में हो रही जनसुनवाई में पहुंचा. डीएम से मुलाकात होते ही उसने अपने साथ लाए अपने खेत के ककोड़े से भरी थैली डीएम को देते हुए कहा कि साहब पैमाइश हो गई, अब कोई परेशानी नहीं है. ये हमारे खेत के जंगली ककोड़े हैं. आपका धन्यवाद करने आया हूं. डीएम ने इस पर किसान का आभार जताया.