आगरालीक्स…आगरा में अपने नवजात बेटे का शव गोद में लेकर एक पिता एसएसपी आफिस पहुंचा…मांग रहा न्याय…जानिए क्या है मामला
आगरा में शनिवार को एसएसपी आफिस में एक युवक अपने नवजात बेटे का शव लेकर एसएसपी के पास पहुंचा. गोद में नवजात का शव देखकर वहां मौजूद लोग भी चौंक गए. पीड़ित युवक का कहना है कि कुछ दिन पहले रिश्तेदारों ने उसकी गर्भवती पत्नी के साथ बुरी तरह से मारपीट की थी जिसके कारण उसके बेटे की जन्म होते ही मौत हो गई. इन आरोपों पर एसएसपी ने सीओ फतेहाबाद को जांच के बाद कार्रवाई के निर्देश दिए हैं.

मामला निबोहरा थाना क्षेत्र के गांव लालगढ़ का है. यहां का रहने वाला 23 वर्षीय धनीराम शनिवार को अपनी गोद में अपने नवजात बेटे का शव लेकर एसएसपी आफिस पहुंचा. धनीराम ने आरोप लगाचया कि 20 जूनको गांव के ही रहने वाले उसके रिश्तेदारों के साथ उसका झगड़ा हो गया था. इस पर रिश्तेदारों ने उसके व उसकी गर्भवती पत्नी के साथ बुरी तरह से मारपीट की थी. पत्नी छह माह की गर्भवती थी लेकिन मारपीट के कारण उसकी तबियत बुरी तरह से खराब हो गई और उसे लेडी लॉयल अस्पताल में भर्ती कराया गया. शुक्रवार रात को धनीराम की पत्नी ने बेटे को जन्म दिया लेकिन समय से पहले डिलीवरी होने पर बच्चे की जन्म के बाद ही मौत हो गई. धनीराम ने इसके लिए मारपीट करने वाले रिश्तेदारों को जिम्मेदार ठहराया है. एसएसपी प्रभाकर चौधरी ने इस मामले में सीओ फतेहाबाद को जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं.