अगरालीक्स…आगरा में पांच साल का बच्चा 40 फीट गहरे कुएं में गिरा. 7 घंटे से रेस्क्यू. पंप से निकाला जा रहा पानी…पुलिस के बाद पीएसी भी पहुंची
आगरा के किरावली थाना क्षेत्र में पांच साल का एक बच्चा 40 फीट गहरे कुएं में गिर गया है. गांव बाकंदा खास में शुक्रवार सुबह 11 बजे बच्चा खेलते—खेलते अचानक कुएं के पास पहुंच गया और पैर फिसलने से वह कुएं में गिर गया. पिता के सामने हुई इस घटना से परिजनों में कोहराम मच गया हे. बच्चे की तलाश तभी से चल रही है. सूचना पर पुलिस पहुंच गई. पंपों की मदद से कुएं से पानी निकाला जा रहा है. शाम 6 बजे तक बच्चे का कुछ पता नहीं चल सका है. इधर सूचना पर पीएसी भी पहुंच गई है. समाचार लिखे जाने तक रेस्क्यू जारी है.
बाकंदा खास में किसान रामगोपाल रहते हैं. इन्होंने खेत में आलू की फसल की है. शुक्रवार सुबह 11 बजे वह खेत पर काम करने के लिए आए थे, साथ ही उनका छोटा बेटा पांच साल का रिहांश उर्फ सत्तू भी आ गया. रामगोपाल खेत में काम कर रहे थे तभी रिहांश खेलते—खेलते दूसरे खेत में बने कुएं के पास पहुंच गया. यहां रिहांश का पैर फिसल गया और कुएं में गिर गया. पिता की ये देखते ही चीख निकल गई. परिवार में कोहराम मच गया. सूचना पर काफी संख्या में ग्रामीण खेत पर पहुंच गए और सभी अपनी—अपनी तरफ से प्रयास करने लगे. सूचना पर प्रशासन के अलावा नगर निगम की बचाव टीम भी पहुंच गई. पुलिस भी आ गई. पंप और ट्रैक्टरों की मदद से कुएं का पानी लगातार निकाला जा रहा है. शा छह बजे तक घटना के सात घंटे बाद भी बच्चे का पता नहीं चला है. इधर परिजनों का रो—रोकर बुरा हाल है.