आगरालीक्स…आगरा में देवशयनी एकादशी पर श्री खाटू श्याम मंदिर में सजेगा आमों का फूल बंगला, 6 जुलाई को है एकादशी, भक्ति में डूबेगा मंदिर परिसर..जानें कितने बजे तक खुलेंगे पट
जीवनी मंडी स्थित श्री खाटू श्याम जी मंदिर में देवशयनी एकादशी के पावन अवसर पर आमों का फूल बंगला विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगा। मंदिर परिसर में आम मनोरथ उत्सव मनाया जाएगा, जिसमें खाटू नरेश पीले और हरे आमों के गुच्छों के मध्य भव्य रूप में विराजमान होंगे। रंग-बिरंगे फूलों से भगवान का दिव्य श्रृंगार किया जाएगा। पूरे मंदिर परिसर को आमों के गुच्छों और पुष्पों से भव्य रूप से सजाया जाएगा, जिससे भक्तों को एक अलौकिक भक्ति अनुभव प्राप्त होगा। श्री खाटू श्याम जी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष दिनेश चंद्र अग्रवाल ने बताया कि यह आयोजन कई वर्षों से श्रद्धा और परंपरा के साथ मनाया जा रहा है। इस बार की सजावट भक्तों के लिए विशेष रूप से आकर्षक होगी। उन्होंने बताया कि श्रावण मास के दौरान मंदिर परिसर में स्थित महादेव मंदिर में 108 महा रुद्राभिषेक पूजन किए जाएंगे, जिसमें श्रद्धालु विशेष पूजन कर पुण्य लाभ अर्जित कर सकेंगे। देवशयनी एकादशी के दिन भक्तों के लिए सुबह 6:00 बजे से देर रात्रि तक चयन आरती के समय तक बाबा के दर्शन खुले रहेंगे। संध्या आरती के साथ भजन संध्या का आयोजन भी होगा, जिसमें श्रद्धालु भक्ति संगीत के माध्यम से आध्यात्मिक आनंद की अनुभूति करेंगे। दिनेश चंद्र अग्रवाल ने सभी श्रद्धालुओं से इस पुण्य अवसर पर अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर खाटू बाबा के दर्शन व पूजन का लाभ उठाने की अपील की है।