आगरालीक्स…आगरा में हॉस्पिटल कर्मचारी की मौत. परिजनों ने हॉस्पिटल के बाहर शव रखकर तीन घंटे तक किया हंगामा. ये लगाए आरोप
आगरा के थाना ट्रांसयमुना क्षेत्र के कालिंदी विहार में हॉस्पिटल कर्मचारी की मौत पर परिजनों ने शुक्रवार को हगामा कर दिया. हॉस्पिटल के बाहर सड़क पर शव रखकर जाम लगा दिया और करीब तीन घंटे तक हंगामा चलता रहा. परिजनों का आरोप है कि युवक के साथ वारदात हुई है. मौत पर हॉस्पिटल का स्टाफ गुमराह करता रहा.सूचना पर पुलिस पहुंच गई और मामले की जांच की जा रही है.
कंपाउंडर था कृष्णा
20 साल का कृष्णा नगला आशा टेढ़ी बगिया का रहने वाला था और कालिंदी विहार स्थित वरुण हॉस्पिटल के आईसीयू में कंपाउंडर के पद पर कार्यरत था. कृष्णा के पिता की 15 साल पहले एक्सीडेंट में मौत हो गई थी. कृष्णा परिवार का सहारा था और घर का खर्च चलाने के लिए दिन रात मेहनत करता था. परिजनों ने बताया कि रोज की तरह गुरुवार शाम को वह जम गया था और आठ बजे खाना खाने के बाद वह हॉस्पिटल ड्यूटी के लिए चला गया.
रात को हुई मौत, आरोप
आरोप है कि रात 11 बजे उसकी हालत बिगड़ गई. परिजनों का कहना है कि हॉस्पिटल में गलत इंजेक्शन लगाए जाने से उसकी मौत हुई है. हॉस्पिटल की तरफ से कोई सूचना नहीं दी. जानकारी करने पर हॉस्पिटल के कर्मचारी गुमराह करते रहे. पहले कहा वह कृष्णा हॉस्पिटल में है और बाद में बताया कि प्रभा हॉस्पिटल में भेजा गया है. जब परिजन रात को दो बजे अस्पताल पहुंचे तो यहां देखने तक नहीं दिया और कुछ देर बाद यहां से कृष्णा को एसएन भेज दिया गया. एसएन में डॉक्टरों ने रात चार बजे उसे मृत घोषित कर दिया. परिजनों का आरोप है कि कृष्णा के साथ कोई अनहोनी हुई है. आक्रोशित परिजनों ने वरुण हॉस्पिटल के बाहर शव रखकर तीन घंटे जाम लगा दिया.