आगरालीक्स…आगरा में 2683 फर्जी कंपनियों का नेटवर्क मिला. 7 करोड़ की आईटीसी चोरी का खुलासा. चार युवक अरेस्ट…
आगरा की थाना लोहामंडी पुलिस ने साइबर टीम, सर्विलांस, काउंटर इंटेलीजेंस के साथ मिलकर एक बड़े नेटवर्क का खुलासा किया है. दो अलग—अलग मामलों में पुलिस ने 2683 रजिस्टर्ड फर्जी फर्म का नेटवर्क पकड़ा है जिनसे टैक्स चोरी किया जा रहा था. एक मामले में पुलिस ने 6 करोड़ तो वहीं दूसरे मामले में पुलिस ने 1 करोड़ की आईटीसी (इनपुट टैक्स क्रेडिट) चोरी करने वाले गैंग का पर्दाफाश किया है. पुलिस ने एक मामले में तीन शातिरों को वहीं दूसरे मामले में गैंग के एक शतिर को अरेस्ट किया है. इनके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है.ऐसे पकड़ा गया गैंग
राज्य कर अधिकारी खण्ड 07 जयपुर हाउस लोहामंडी विकास कुमार कौशिक द्वारा थाना लोहामंडी पर अवधेश कुमार ट्रेडर्स के खिलाफ आईटीसी चोरी का मुकदमा दर्ज कराया गया था. थाना लोहामंडी पुलिस द्वारा जांच के क्रम में प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर अभियुक्त गोविन्द गोयल, तुषार सारस्वत व कपिल शर्मा के नाम प्रकाश में आए. शनिवार को पुलिस टीमों द्वारा तीन अभियुक्तों गोविन्द गोयल, तुषार सारस्वत व कपिल गोयल को गिरफ्तार किया गया. गिरफ्तार अभियुक्तों ने अपने साथियों अज्जू उर्फ अक्षय, रिषभ उर्फ लालू यादव, लकी, शिवम उर्फ चूचा और यूनिस साथ मिलकर अन्य व्यक्तियों के नाम पर कूटरचित दस्तावेज की सहायता से फर्जी जीएसटी फर्म बनाकर व रजिस्टर्ड कराकर सरकार से लगभग 06 करोड़ रूपये कर आईटीसी (इनपुट टैक्स क्रेडिट) की चोरी की गयी. गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से 03 मोबाइल फोन व 01 पेन कार्ड बरामद हुआ. बरामद मोबाइल फोन से लगभग 08 फर्मों का रजिस्ट्रेशन होना पाया गया.
वहीं दूसरे मामले में थाना लोहामंडी में ही राज्य कर आयुक्त देवेन्द्र सिंह द्वारा अभियुक्त प्रकाश झा के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया था. थाना लोहामंडी पुलिस टीम व टैक्नीकल सैल द्वारा साक्ष्यों के आधार पर उपरोक्त अभियोग में अभियुक्त प्रकाश झां के साथ-साथ अभियुक्त रवि सिंह पुत्र प्रेम चंद्र सिंह, म्यूर नागपाल, वि राजकुमार झां, आसिफ, व 02 महिला अभियुक्ताओं के नाम प्रकाश में आए. अभियोग में प्रकाश में आए अभियुक्तों की गिरफ्तारी हेतु थाना लोहामंडी पर पुलिस टीमों का गठन किया गया. शनिवार को गठित पुलिस टीमों द्वारा अभियुक्त रवि सिंह को पूछताछ हेतु थाना लाया गया. अभियुक्त रवि द्वारा अपने साथियों के साथ मिलकर अन्य व्यक्तियों के नाम पर कूटरचित दस्तावेज की सहायता से फर्जी जीएसटी फर्म बनाकर व रजिस्टर्ड कराकर सरकार से लगभग 01 करोड़ रूपये कर आईटीसी (इनपुट टैक्स क्रेडिट) की चोरी की गयी. पुलिस ने रवि सिंह को गिरफ्तार किया गया. अभियुक्त के कब्जे से 01 लैपटॉप, 02 पेनड्राइव व 02 मोबाइल फोन बरामद हुए. लैपटॉप से करीब 2675 फर्मो का रजिस्ट्रेशन होना पाया गया. अभियुक्त रवि को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया.