आगरालीक्स ….आगरा का यमुना पर बना आंबेडकर पुल बंद, स्ट्रेची ब्रिज पर कार और भारी वाहन प्रतिबंधित, जाम से जूझने लगे लोग।

10 से 13 फरवरी तक आगरा में जी 20 देशों के प्रतिनिधि आगरा आएंगे, मेहमानों के लिए तैयारियां चल रही हैं। वे आगरा के ताज कन्वेंशन होटल में बैठक करेंगे, इसके साथ ही ताजमहल, एत्माउददौला स्मारक देखने जाएंगे। वे जिस रास्ते से जाएंगे उन्हें ठीक किया जा रहा है। एत्माउददौला स्मारक आंबेडकर पुल से होकर जाना पड़ेगा, इसके लिए आंबेडकर पुल की मरम्मत का कार्य गुरुवार से शुरू कर दिया गया। आंबेडकर पुल को वाहनों के लिए बंद कर दिया गया है।
31 जनवरी तक के लिए बंद किया गया पुल
आंबेडकर पुल पर 31 जनवरी तक वाहनों की आवाजाही नहीं होगी। इस दौरान सेतु निगम की टीम आंबेडकर पुल की मरम्मत का कार्य करेगी। पुल के एस्टेंशन ज्वाइंट की मरम्मत करके जैक फ्री किया जाएगा। इसके साथ ही पुल के सुरक्षा बिंदुओं की भी जांच की जाएगी , पेटिंग कर पुल को सुंदर लुक दिया जाएगा।
पुल बंद होने से जाम, स्ट्रेची ब्रिज पर भी प्रतिबंध
बाहर से आने वाले पर्यटक शाहदरा, आंबेडकर पुल, यमुना किनारा होते हुए ताजमहल और आगरा किला तक पहुंचते हैं और आंबेडकर पुल से होते हुए ही वापस लौटते हैं। पुल बंद होने से यमुना किनारा रोड होते हुए वाटरवक्र्स से जाना पड़ रहा है, इसी तरह से आने के लिए भी वाटरवक्र्स से यमुना किनारा रोड होते हुए वाहन आ रहे हैं। इससे जाम लगने लगा है। वहीं, स्ट्रीच ब्रिज पर हल्के वाहनों को ही जाने दिया जा रहा है। कार और भारी वाहन प्रतिबंधित हैं।