आगरालीक्स…आगरा में बढ़ रहे महिलाओं और बच्चियों पर अपराध. आम आदमी पार्टी ने कमिश्नर आफ पुलिस को सौंपा ज्ञापन
आगरा में महिलाओं और बच्चियों के खिलाफ हो रहे अपराधों को संज्ञान में लेते हुए आम आदमी पार्टी की महिला मोर्चा ने पुलिस कमिश्नर को ज्ञापन सौंपा. मोर्चा की जिला अध्यक्ष सपना गुप्ता के नेतृत्व में यह ज्ञापन दिया गया. साथ ही कहा कि आगरा में जिस प्रकार अपराधियों ने बेखौफ घटना को अंजाम दिया है उससे आगरा की महिलाओं में असुरक्षा की भावना बढ़ गई है. साथ ही कहा कि शासन और प्रशासन जल्द से जल्द असामाजिक गतिविधियों पर लगाम लगाकर कानून का सख्ती से पालन करवाएं जिससे अपराधियों में डर पैदा हो और महिलाएं और बच्चियां शहर में खुद को सुरक्षित महसूस कर सकें. उनके साथ सुनील तिवारी और देवेंद्र देव सिंह सहित कई महिलाएं भी रहीं.

जिला अध्यक्ष सपना गुप्ता का कहना है कि आज महिलाओं और बच्चियों के प्रति बढ़ते हुए अपराधों की गवाही लगभग रोज के ही अखबार दे रहे हैं, शायद ही कोई दिन जाता हो, जिसमें महिलाओं के साथ की गई अभद्रता एवं अपराध का समाचार ना मिलता हो. आज सिर्फ सड़कों पर ही अपराध नहीं हो रहे बल्कि सोशल मीडिया के माध्यम से भी महिलाओं पर उत्पीड़न एवं अपराध हो रहे हैं. उन्होंने कहा कि इस प्रकार नारी की सुरक्षा, स्वतंत्रता तथा निजी जीवन और निजता पर हमला हो रहा है और महिलाओं के सम्मान को बलपूर्वक आहत किया जा रहा है.