आगरालीक्स…आगरा में उर्वरकों की दुकानों पर प्रशासन का छापा. 3 टीमों ने 30 उर्वरक नमूने लिए. 4 विक्रेताओं के उर्वरक प्राधिकार पत्र किया निलंबित. 10 दुकानें बंद पाने पर नोटिस जारी…शिकायत के लिए नंबर भी किया जारी
जिलाधिकारी मनीष बंसल द्वारा गठित टीमों के माध्यम से जनपद में उर्वरकों की उपलब्धता, वितरण एवं गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए शुक्रवार को प्रशासनिक टीमों ने आकस्मिक छापामार कार्यवाही की गयी। कार्यवाही के लिए कुल 03 टीमों का गठन किया गया, जिसमें जिला कृषि अधिकारी विनोद कुमार, उप कृषि निदेशक मुकेश कुमार, जिला उद्यान अधिकारी मनोज कुमार, अपर जिला कृषि अधिकारी गुफरान अहमद तथा सम्बन्धित तहसील के उप जिलाधिकारी/तहसीलदार को शामिल किया गया।

गठित टीमों द्वारा जनपद के विभिन्न उर्वरक विक्रय प्रतिष्ठानों पर आकस्मिक निरीक्षण करते हुए कुल 30 उर्वरक नमूने ग्रहीत किए गए। छापामार कार्यवाही के दौरान अभिलेख अपूर्ण पाए जाने के कारण कुल 04 विक्रेताओं के उर्वरक प्राधिकार पत्र निलम्बित किए गए। इनमें 01 सदर तहसील, 02 फतेहाबाद तहसील तथा 01 किरावली तहसील के विक्रेता शामिल हैं। इसके अतिरिक्त 10 प्रतिष्ठान बन्द पाए जाने पर सम्बन्धित प्रतिष्ठानों को नोटिस निर्गत करने की कार्यवाही की गयी।
जिला कृषि अधिकारी विनोद कुमार ने बताया कि जनपद में वर्तमान में उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता है। उपलब्ध उर्वरकों में 19,836 मैट्रिक टन यूरिया, 9,781 मैट्रिक टन डी.ए.पी., 7,220 मैट्रिक टन एम.ओ.पी., 12,848 मैट्रिक टन एन.पी.के. तथा 2,496 मैट्रिक टन एस.एस.पी. उपलब्ध है। उन्होंने किसान भाईयों से अपील की है कि जनपद में सभी प्रकार के उर्वरक पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं। सभी सहकारी समितियों एवं निजी उर्वरक विक्रेताओं के यहां निरन्तर उर्वरकों का प्रेषण कराया जा रहा है। किसान उर्वरक की बोरी पर अंकित निर्धारित खुदरा मूल्य (एम.आर.पी.) पर ही उर्वरक क्रय करें तथा अधिक मूल्य पर उर्वरक विक्रय किए जाने की स्थिति में इसकी शिकायत करें। अधिक मूल्य पर उर्वरक विक्रय अथवा अन्य किसी प्रकार की अनियमितता की शिकायत के लिए जनपद स्तर पर स्थापित कन्ट्रोल रूम दूरभाष संख्या 7302640291 पर किसी भी कार्य दिवस में प्रातः 10:00 बजे से सायं 05:00 बजे तक शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।