आगरालीक्स…आगरा में पांच पक्के मकानों पर चला बुलडोजर. 15 दिन पहले नगर निगम ने यहां लगाए थे लाल निशान, आज किए गए ध्वस्त…
आगरा नगर निगम ने बुधवार को यमुना पार वार्ड रतनपुरा के नुनिहाई में खत्ताघर की जमीन पर अवैध रूप से बने पांच मकानों पर बुलडोजर की कार्रवाई की है. नगर निगम ने बुधवार को पुलिस और टास्क फोर्स की मौजूदगी में बुलडोजर चलाकर 5 मकानों को ध्वसत कर दिया. 15 दिन पहले ही नगर निगम की ओर से इन मकानों पर लाल निशान लगाया गया था और अतिक्रमण करने वालों को चेतावनी दी गई थी.
सहायक अभियंता ने बताया कि नगर निगम की खत्ताघर की जमीन पर इन 5 मकानों का निर्माण अवैध कब्जा कर किया गया था. इनमें राशिद, बॉबी, शकील ललित आदि शामिल हैं. 15 दिन पहले लाल निशान लगाकर चेतावनी दी गई थी. इस पर लोगों ने अपना सामान बाहर निकाल लिया. बुधवार को पुलिस बल की मौजूदगी में यहां बुलडोजर चलाया गया. महिलाओं ने विरोध भी किया लेकिन नगर निगम का बुलडोजर नहीं रुका और पांचों मकान तोड़ने के बाद ही कार्रवाई पूरी की.