आगरालीक्स…आगरा पुलिस ने पकड़ा 51 लाख का गांजा. आगरा और आसपास के जिलो में होना था सप्लाई. पुष्पा फिल्म की तरह कैंटर में छुपाकर लाया जा रहा था…एक अरेस्ट
आगरा की थाना ट्रांस यमुना पुलिस ने गांजा तस्करी के बड़े नेटवर्क का खुलासा करते हुए कैंटर से 101 किलो 620 ग्राम गांजा बरामद किया है, जिसकी कीमत करीब 51 लाख रुपये बताई जा रही है. तस्करों ने पुलिस को चकमा देने के लिए गांजे को खाली क्रेटों के नीचे प्लास्टिक के कट्टों में छिपा रखा था. पुलिस ने कैंटर चालक आरोपी दीपक कुमार निवासी गोपी चांदपुर, अलीगढ़ को गिरफ्तार किया है. पूछताछ में सामने आया कि आरोपी ओडिशा से गांजा लेकर आगरा-अलीगढ़ में सप्लाई करता था और हर चक्कर के करीब 50 हजार रुपये मिलते थे. पुलिस अब आरोपी के फरार साथी अनिल की तलाश के साथ पूरे तस्करी नेटवर्क की कड़ियां खंगाल रही है.
एसीपी छत्ता श्वेता वर्मा ने बताया कि गुरुवार देर रात पुलिस झरना नाला के पास शाहदरा कट पर वाहनों की चेकिंग कर रही थी. इस दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक कैंटर में गांजा छुपाकर ले जाया जा रहा है. इस पर पुलिस ने घेराबंदी कर कैंटर को रोक लिया. कैंटर को चेक किया गया तो खाली क्रेटों के नीचे प्लास्टिक के कट्टों में गांजा रखा हुआ था. पुलिस ने चालक को अरेस्ट कर लिया. उसका नाम दीपक कुमार निवासी गोपी चांदपुर थाना अकराबाद अलीगढ है. पूछताछ में उसने बताया कि अलीगढ़ के रहने वाले अनिल ने उसे कैंटर उपलबध कराया था और ओडिशा से गांजा लाने के लिए कहा था. गांजे की खेप आगरा और अलीगढ़ में पहुंचानी थी. इसके बाद उसे हर चककर पर 50 हजार रुपये मिलने थे. बरामद गांजा 101 किलो 620 ग्राम है जिसकी कीमत 51 लाख रुपये है.