आगरालीक्स…आगरा रेल मंडल ने तीन महीने में 269.69 करोड़ रूपये की आय प्राप्त की. यह पिछले साल से 56.97 प्रतिशत अधिक. जानिए यात्रियों और माल यातायात से कितने की हुई आय
आगरा मंडल की नौवी मंडल रेल उपभोगकर्ता एवं परामर्शदात्री समिति की प्रथम बैठक अपर मंडल रेल प्रबंधक/परिचालन मुदित चंद्रा की अध्यक्षता मे मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय के गोवर्धन सभागृह में सम्पन्न हुई। सर्वप्रथम समिति के सभी सदस्यों का स्वागत समिति के सचिव अमन वर्मा वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक द्वारा किया गया। सदस्यों से परिचय के उपरान्त समिति के अध्यक्ष अपर मंडल रेल प्रबंधक/परिचालन मुदित चंद्रा जी द्वारा सभी सदस्यों को आगरा मंडल की प्रगति की विस्तृत जानकारी दी तथा आगरा मंडल के यात्री सुविधओं के लिए किए गये सभी कार्यो से सदस्यों को अवगत कराया और कहा कि आगरा मंडल निरन्तर प्रगति के पथ पर अग्रणी है। गतिशीलता हमारी पहचान है। इसके लिए हम प्रयत्नशील है।
वर्ष 2022-23 के प्रथम तिमाही में जून माह तक मंडल की यात्री आय 120.55 करोड है जो गत वर्ष की तुलना मे इसी अवधि से 212 प्रतिशत अधिक है, माल यातायात से 136.29 करोड आय प्राप्त हुई है। जो कि गत वर्ष की तुलना मे 6.70 प्रतिशत अधिक है। वित्त वर्ष 2022-23 के प्रथम तिमाही मे मंडल की कुल आय 269.89 करोड है जो गत वर्ष की तुलना मे 56.97 प्रतिशत अधिक है।
इसके अतिरिक्त आगरा मंडल द्वारा हासिल की गई अन्य उपलब्धियों की जानकारी अपर मंडल रेल प्रबंधक महोदय द्वारा दी गई तथा इसके साथ ही उन्होने सभी सदस्यों से सहयोग की अपेक्षा की। मंडल रेल उपभोगकर्ता एवं परामर्शदात्री समिति की प्रथम बैठक में 08 सम्मानित सदस्यों में से 07 सदस्यों ने भाग लिया एंव अपने-अपने सुझाव प्रस्तुत किये :

- रिंकू अग्रवाल ने कहा कि आगरा से देहरादून एवं हरिद्वार के लिए शाम को कोई भी गाड़ी नहीं है अतः आगरा से देहरादून एवं हरिद्वार के लिए नई रेलगाड़ी चलायी जाये तथा आगरा सिटी रेलवे स्टेशन पर रेल आरक्षण केन्द्र खोला जाना अति आवश्यक हैं जिससे कि आगरा कैंट, राजा की मण्डी व आगरा फोर्ट पर आरक्षण कराने वालों का दबाव काफी कम हो जायेगा के साथ – साथ अन्य सुझाव दिए गये ।
- अखिल अग्रवाल ने कहा कि स्टेशन पर जनता खाना रु 15 की थाली उपलब्ध है इसका स्टेशन पर स्पष्ट जगह-जगह लिखा होना चाहिए। मथुरा रेलवे स्टेशन के प्रवेश द्वार-1 पर अंडरपास बना है उसके आसपास की लाइटें दुरूस्त कराई जाए के साथ – साथ अन्य सुझाव दिए गये ।
- कमल पमनानी जी ने कहा कि आगरा कैण्ट रेलवे स्टेशन पर जनता खाना नहीं मिलता है। जनता खाना अधिक से अधिक स्टालों पर होना चाहिए। आगरा कैण्ट रेलवे स्टेशन पर वाटर वेडिंग मशीन लगनी चाहिए जिससे कम रेट में यात्रियों को पानी की सुविधा मिल सकें| ईदगाह रेलवे स्टेशन पर यात्रियों के लिए शौचालय की व्यवस्था कराई जाये इसके साथ – साथ अन्य सुझाव दिए गये|
- सतीश गोयल ने कहा कि आगरा फोर्ट स्टेशन पर जगह कम होने व दोनों गेटों पर भारी भीड़ होने के कारण जाम रहता है। इसलिए पार्सल घर लोडिंग अनलोडिंग के काम को ईदगाह स्टेशन पर शिफ्ट किया जाना चाहिए के साथ – साथ अन्य सुझाव दिए गये
- ठा. योगेन्द्र सिंह ने कहा कि डीआरयूसीसी का कार्यकाल दो साल का होता है दो साल में कम से कम 6 मीटिंग होनी चाहिए तथा 1 साल में 3 बैठक होनी चाहिए इस के साथ – साथ अन्य सुझाव दिए गये |
- देवेन्द्र सिंह नलवंशी ने कहा कि आगरा कैण्ट रेलवे स्टेशन के सभी प्लेटफार्म पर ठण्डे पानी की मशीने लगनी चाहिए इसके साथ – साथ अन्य सुझाव दिए गये|
- मुकेश वर्मा जी ने कहा कि फोर्ट छोटी लाईन साइड बुकिंग खिड़की को पुनः चालू कराया जाये| लम्बी दूरी की ट्रेनों में हिजड़ों द्वारा यात्रियों से अवैध वसूली व बदसलूकी जाती है। उनकी रोकथाम के उपाय किये जाये के साथ – साथ अन्य सुझाव दिए गये|
उपरोक्त के सुझायों के साथ – साथ अन्य उपस्थित मंडल रेल उपभोगकर्ता एवं परामर्शदात्री समिति के सदस्यों द्वारा भी अपने सुझाव दिए गये । इसके उपरान्त लाँटरी सिस्टम के माध्यम से सभी उपस्थित मंडल रेल उपभोगकर्ता एवं परामर्शदात्री समिति के सदस्यों में से रिंकू अग्रवाल का चयन क्षेत्रीय रेल उपभोगकर्ता परामर्शदात्री समिति के सदस्य हेतु किया गया ।
सदस्यों के सभी सुझावों पर रेल प्रशासन द्वारा गंभीरता से विचार कर त्वरित कार्यवाही की जायेगी । अंत में सहायक मंडल वाणिज्य प्रबंधक वीरेंद्र सिंह ने सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया । इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक इन्फ्रा असद सईद , अपर मंडल रेल प्रबंधक एस एस वीरेंद्र वर्मा के साथ-साथ अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।