आगरालीक्स…आगरा में आटोमोबाइल एजेंसी संचालक को गोली मारी. एक्टिवा सवार दो युवकों ने बीच रास्ते में किया हमला.
आगरा के थाना ताजगंज क्षेत्र अंतर्गत कलाल खेरिया में मंगलवार दोपहर को आटोमोबाइल एजेंसी संचालक को बीच रास्ते में गोली मारी गई है. एक्टिवा सवार दो युवकों ने बीच रास्ते में उनके ऊपर मिला किया. गोली लगने से एजेंसी संचालक बुरी तरह से घायल हो गए हैं. उन्हें एसएन में भर्ती कराया गया है. पुलिस के अनुसार रंजिश में गोली मारी गई है. घायल की हालत खतरे से बाहर है. आरोपियों को गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं.

ये है पूरा मामला
थाना ताजगंज के गढ़ी नवलिया में 51 वर्षीय नरेंद्र यादव रहते हैं. नरेंद्र यादव की कलाल खेरिया में आटोमोबाइल एजेंसी है. मंगलवार करीब साढ़े 11 बजे नरेंद्र पास की दुकान से नाश्ता करके अपनी एजेंसी पर आ रहे थे. इसी दौरान सामने से आते एक्टिवा सवार दो युवकों ने उन्हें तमंचा से गोली मार दी. गोली सीने के अंदर जाकर फंस गई जिससे नरेंद्र सड़क पर गिर गए. आरोपी मौके से भाग निकले. घायल नरेंद्र को एसएन में भर्ती कराया गया.
परिजनों के अनुसार गोली अमित यादव ने मारी है जो कि पूर्व प्रसपा जिलाध्यक्ष धारा सिंह का बेटा है. उन्होंने बताया कि वर्ष 2021 में प्रधानी के चुनाव हुए थे जिसमें धारा सिंह जिला पंचायत सदस्य और उसका भाई अशोक प्रधानी का चुनाव लड़ा था लेकिन दोनों लोग चुनाव हार गए थे. उन्हें लगा कि नरेंद्र यादव और उनके परिवार ने उनके पक्ष में वोट नहीं दिया था जिससे वह रंजिश मानने लगे थे. पुलिस मामले की जांच कर रही है और हमलावरों को अरेस्ट करने का प्रयास कर रही है.