आगरालीक्स…डायबिटीज डराए तो पिज्जा-बर्गर को बाय, बेड़ई, कचौड़ी पर दोष क्यों न मढ़ा जाए, शहरी और ग्रामीण दोनों जगह आहार परिवर्तन हुआ है, गांव में भी तेजी से मधुमेह बढ़ रही है.
शहरों में ही नहीं ग्रामीण क्षेत्रों में भी मधुमेह रोगी तेजी से बढ़ रहे हैं। प्रदूषण इसकी सबसे बड़ी वजह है। दूसरे नंबर पर है आहार परिवर्तन। जब भी हमें डायबिटीज डराती है तो हमें बस यह ही याद आता है कि पिज्जा, बर्गर फास्ट फूड है, यह छोड़ देना चाहिए, जबकि हम यह भूल जाते हैं कि बेड़ई, कचौड़ी और समोसे जैसी चीजें भी फास्ट फूड ही हैं। हमें इन पर भी नियंत्रण रखना है।

विश्व मधुमेह दिवस पर आगरा डायबिटीज फोरम ने दयालबाग स्थित खेलगांव में स्वास्थ्य एवं जागरूकता शिविर लगाया। इसमें मरीजों का ब्लड शुगर जांचने और परामर्श उपलब्ध कराने के साथ ही पब्लिक फोरम हुआ। इसमें आम लोगों और डायबिटीज पीड़ितों ने डायबिटीज फोरम के पदाधिकारियों और विशेषज्ञ चिकित्सकों से सवाल पूछे। एक नागरिक ने पूछा कि क्या डायबिटीज क्योर हो सकती है ? इसके जवाब में चिकित्सकों ने कहा कि अगर हम 15 फीसद तक मोटापा कम कर लें और जीवनशैली में हल्का परिवर्तन भी ले आएं तो यह पूरी तरह क्योर हो सकती है। एक व्यक्ति ने पूछा कि डायबिटीज नियंत्रित होने पर दूसरी बीमारियों से भी बचा जा सकता है ? चिकित्सकों ने कहा कि ह्दय समेत कई गंभीर बीमारियों से बचा जा सकता है। डाॅ. सुनील बंसल, डाॅ. अतुल कुलश्रेष्ठ, डाॅ. वीएन कौशल, डाॅ. आलोक मित्तल, डाॅ. अशोक शर्मा, डाॅ. मुकेश गोयल, डाॅ. अरविंद यादव, डाॅ. रवि पचैरी, डाॅ. प्रदीप शर्मा आदि ने लोगों को परामर्श उपलब्ध कराया और उनके सवालों के जवाब दिए। इससे पूर्व सफेद और नीले गुब्बारे हवा में उड़ाकर सुबह छह बजे शिविर की शुरूआत हुई, जो 8.30 बजे तक चला।
डाॅ. सुनील बंसल ने विशेषकर बच्चों के बारे में कहा कि माता-पिता बच्चे का मोटापा बढ़ने पर सतर्क रहें। यह डायबिटीज हो सकती है। आधे घंटे का व्यायाम और आउटडोर खेल सभी के लिए फायदेमंद हैं। यह डायबिटीज की रोकथाम में भी मददगार हैं। डाॅ. अतुल कुलश्रेष्ठ ने बताया कि डायबिटीज पहले शहरों में अधिक होती थी, लेकिन अब ग्रामीण लोगों को भी तेजी से शिकार बना रही है। प्रदूषण इसकी पहली वजह है। आज गांव में भी पेस्टीसाइड, इंसेक्टिसाइड और प्लास्टिक यूज हो रहा है। इसके अलावा फास्ट फूड वहां भी पहुंच गया है। हमें वैश्विक और स्थानीय दोनों तरह के फास्ट फूड अवाॅइड करने होंगे।