आगरालीक्स…आगरा में पति—पत्नी की मौत से पहले इस शख्स को भेजा गया था व्हाट्सएप पर मैसेज. ससुराली और मायके वाले भिड़े…पुलिस कर रही जांच
आगरा के शाहगंज के आजमपाड़ा में गुरुवार को चांदी कारोबारी विनय उर्फ वीरू और उसकी पत्नी डॉली के शव घर में मिले थे. इनकी लाश के पास इनकी 20 दिन की बेटी रो रही थी. डॉली ने 20 दिन पहले हीइस बच्ची को जन्म दिया था. इधर पुलिस जांच में सामने आया है कि मौत से पहले वीरू ने अपने साले को व्हाट्सअप पर आडियो मैसेज भेजा था जिसमें उसने अपने परिजनों पर लड्डू में जहर देने की बात कही थी.पुलिस को लाश के पास आधा लड्डू भी मिला है जिसे जांच के लिए भेजा गया हे. डॉली के भाई ने वीरू के परिजनों पर हत्या का आरोप लगाया है. इसके बाद ससुराली और मायके पक्ष के लोग आपस में भिड़ गए. पुलिस ने चार लोगों को हिरासत में लिया है और जांच की जा रही है.
एक साल पहले हुई थी शादीसिकंदरा के अटूस की रहने वाली डॉली की शादी फरवरी 2024 में आजमपाड़ा के रहने वो विनय उर्फ वीरू के साथ हुई थी. डॉली के भाई संदीप ने बताया कि वीरू के पास उसका खुद का कारखाना था जहां वह गिलेट की पायल बनाने का काम करता था लेकिन घर में आए दिन झगड़े होते थे. आरोप है कि विनय के भाई कारखाना हथियाना चाहते थे. बहन के गर्भवती होने पर भी सास, जेठानी और ननद उसकी देखभाल तक नहीं करती थीं. 20 दिन पहले एसएन में ही आपरेशन से बेटी को बहन ने जन्म दिया था. तब से उत्पीड़न और ताने और ज्यादा बढ़ गए. भाई ने बताया कि दो दिन पहले ही बहन डॉली मायके आई थी लेकिन बुधवार को वह ससुराल लौट गई थी.
आडियो क्लिप भेजा
साले ने बताया कि गुरुवार सुबह 11 बजकर 27 मिनट पर वीरू ने साले को आडियो मैसेज भेजा था जिसमें कहा गया है कि चार लागों ने हमें कुछ खिला दिया है, जल्दी आ जाओ. लेकिन उसका पेपर था जिससे आने में देर हो गई. जब पुलिस को लेकर घर पहुंचा तो बहन और बहनोई की मौत हो चुकी थी. इस मामले में पुलिस का कहना है कि दंपत्ति की संदिग्ध हालत में मौत हुई हे. हर चीज की जांच की जा रही है.