आगरालीक्स…आगरा में ताजमहल के पीछे कार के बोनट पर तलवार से बर्थडे केट काटने का वीडियो वायरल..कल मना जश्न और आज बर्थडे ब्वॉय के खिलाफ मुकदमा दर्ज…
आगरा में ताजमहल के पीछे मेहताब बाग के अति सुरक्षित एरिया में ग्यारह सीढ़ी के पास शुक्रवार रात को एक संगठन के पदाधिकारी ने अपने जन्मदिन की पार्टी मनाई. पार्टी में कार की बोनट पर 21 केक रखकर उन्हें तलवार से काटा गया. यही नहीं साथियों ने रोड पर ही इसका जश्न मनाया. केक काटने और जश्न मनाने का वीडियो इंटरनेट पर वायरल हो गया और मामला पुलिस तक पहुंचा गया. पुलिस ने केक काटने वाले युवक को नामजद किया है और उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है. एत्माद्दौला में यह मुकदमा नगला देवजीत के रहनेवाले नितेश कुशवाह के खिलाफ दर्ज किया गया है.

ये है पूरा मामला
नितेश कुशवाह के अनुसार वह राष्ट्रीय बजरंग दल के पूर्व महानगर अध्यक्ष हैं. शुक्रवार को उनका जम्नदिन होने पर कार्यकर्ता उनके घर आए थे. केक काटने के लिए बोला और वह उन्हें मेहताब बाग ले गए. इस दौरान एक कार्यकर्ता ने उन्हें तलवार भेंट की थी और फिर जश्न मनाया गया. उनका केक काटने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है. इसमें नजर आया कि वह मेहताब बाग के पास स्थित ग्यारह सीढ़ी पर शुक्रवार रात को पहुंचे थे. उनके साथ सात आठ कार्यकर्ता भी नजर आ रहे हैं. कार के बोनट पर 21 केक रखे गए और फिर इन्हें तलवार से नितेश कुशवाहा द्वारा काटा गया. तलवार को भी लहराया गया. चौकी प्रभारी डिवीजन मयंक चौधरी ने मुकदमा दर्ज किया है.
सुरक्षा पर उठे सवाल
बता दें कि मेहताब बाग अति सुरक्षित एरिया माना जाता है और यहां पर कड़ी सुरक्षा रहती हैं लेकिन केक काटने का यह मामला वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस तक पहुंचा, जबकि यहां पर हमेशा पुलिस फोर्स रहती है और थाना पुलिस भी गश्त करती है.