आगरालीक्स…आगरा में भाजपा ने बागी रामेश्वर चौधरी को पार्टी से किया निष्कासित. निर्दलीय लड़ रहे चुनाव. विधायक चौ. बाबूलाल पर भी हो सकती है कार्रवाई
आगरा की फतेहपुर सीकरी सीट से पार्टी प्रत्याशी के खिलाफ बगावत कर निर्दलीय चुनाव लड़ रहे रामेश्वर चौधरी को भाजपा ने पार्टी से निष्कासित कर दिया है. रामेश्वर चौधरी फतेहपुर सीकरी विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक चौधरी बाबूलाल के बेटे हैं. भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने रामेश्वर चौधरी को निष्कासित करने का पत्र जारी कर दिया है. इधर निष्कासित रामेश्वर चौधरी के पिता और भाजपा विधायक चौधरी बाबूलाल के भी पार्टी लाइन के विपरीत जाकर अपने पुत्र के समर्थन में प्रचार करने को भी पार्टी ने संज्ञान में लिया है. फिलहाल विधायक के खिलाफ पार्टी ने कोई कार्रवाई नहीं की है लेकिन संभावना जताई जा रही है कि लोकसभा चुनाव के बाद पार्टी उनके खिलाफ भी अनुशासनात्मक कार्रवाई कर सकती है.
फतेहपुर सीकरी लोकसभा सीट पर तीसरे चरण में 7 मई को मतदान होना है. भाजपा ने यहां से वर्तमान सांसद राजकुमार चाहर को ही अपना प्रत्याशी बनाया है, लेकिन विधायक चौधरी बाबूलाल के बेटे रामेश्वर चौधरी पार्टी से टिकट की मांग कर रहे थे जिसे पार्टी ने कबूल नहीं किया. ऐसे में टिकट न मिलने पर रामेश्वर चौधरी ने निर्दलीय चुनाव लड़ने का ऐलान कर दिया. विधायक चौधरी बाबूलाल भी अपने पुत्र के समर्थन में प्रचार प्रसार कर रहे हैं.