आगरालीक्स…बहन के थे प्रेम संबंध. एक साल से प्रेमी के साथ रह रही थी. भाई को मिलते थे ताने तो घर आना ही बंद कर दिया, लेकिन जब इस बार आया तो…
आगरा के थाना खंदौली क्षेत्र के गांव तानगढ़ी में युवती की गोली मारकर हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी भाई को अरेस्ट कर लिया है. पुलिस पूछताछ में पता चला कि बहन के प्रेम संबंध गांव के ही एक युवक के साथ थे. वह एक साल से प्रेमी के पास ही रह रही थी. गांव के लोग ताना मारते थे तो भाई ने गांव आना ही बंद कर दिया लेकिन इस बार जब वह आया तो उसे बहन मिल गई. उसे देखते ही वह बौखला गया और इस हत्याकांड को अंजाम दे डाला. पुलिस आरोपी के एक साथी की तलाश कर रही है.
ये है पूरा मामला
गांव तानगढ़ी में सुधा के दो भाई नेत्रपाल और सत्यप्रकाश है. दोनों भाई हलवाई का काम करते हैं. नेत्रपाल शादीशुदा है और गांव में ही रहता है जबकि सत्यप्रकाश नागपुर में काम कर रहा था. बताया जाता है कि दो साल पहले इनकी बहन सुधा के गांव में ही रहने वाले ख्याली नाम के युवक के साथ प्रेम संबंध हो गए और सुधा ख्याल के साथ ही रहने लगी. इसका सुधा के परिजनों ने विरोध किया तो गांव में पंचायत हुई. जिसमें फैसला हुआ कि सुधा और ख्याली गांव में नहीं रहेंगे. इस पर सुधा और ख्याली दोनों गांव से दूर चले गए.

बताया जाता है कि इसके बावजूद गांव वाले सत्यप्रकाश और उसके परिवार को ताने मारते थे. इससे सत्यप्रकाश परेशान रहने लगा तो वह नागपुर में ही रहने लगा और उसने घर आना बंद कर दिया. एक महीने पहले सत्यप्रकाश के भाई नेत्रपाल ने जागरण कराया तो इसमें सत्यप्रकाश भी आया. इस दौरान सुधा भी ख्याली के घर आ गई. सत्यप्रकाश जब आया तो उसे यहां सुधा मिल गई जिसे देखते ही वह बौखला गया. उस समय तो वह चला गया लेकिन तीन दिन पहले वह दोबारा यहां आया.
सोमवार शाम को उसने सुधा को बाजार से आता देखा तो पकड़ लिया और घर ले जाकर उसे बुरी तरह से मारा पीटा. इससे भी उसका गुस्सा शांत नही हुआ तो उसने सुधा को गोली मार दी जिससे उसकी मौत हो गई. बाद में जब वह ख्याली के घर पहुंचा तो वो उसे नहीं मिला जिसके बाद सत्यप्रकाश वहां से भाग निकला. इस मामले में ख्याली की मां ने सत्यप्रकाश और एक अज्ञात के खिलाफ थाना खंदौली में तरीर दी. हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया. इधर सुधा की हत्या के बाद से ख्याली सामने नहीं आया है. लोगों का कहना है कि वह मजदूरी करने गया था, तब से गावं नहीं आया है. उसकी हत्या का भय बना हुआ है. पुलिस ने मृतका के भाई को अरेस्ट कर लिया है.