आगरालीक्स …..आगरा में जनकपुरी महोत्सव में सांड़ हुआ बेकाबू, पांच साल के बच्चे को सींग पर उठाकर पटका, भगदड़ में कई लोग घायल।
आगरा के दयालबाग में जनकपुरी सजाई गई है, जनकपुरी महोत्सव में दूसरे दिन शुक्रवार को सीता माता का डोला मंच पर पहुंचा। रात करीब 9.30 बजे सीता माता का डोला पहुंचने से जनकपुरी में भीड़ थी, इसी बीच नगला बूढ़ी की तरफ से एक सांड़ भागता हुआ आया। सांड़ के भीड़ में आने से भगदड़ मच गई।

पांच साल के बच्चे को सींग पर उठाया
सांड़ ने पांच साल के मासूम को सींग पर उठा लिया और पटक दिया। लोगों ने बच्चे को बचाने की कोशिश की इससे भगदड़ मच गई। कई महिला और पुरुष गिर गए, सांड़ दयालबाग की तरफ भाग गया। लोगों को चोट आने पर उनका इलाज कराया गया।
जनकपुरी महोत्सव का आज समापन
आज जनकपुरी महोत्सव के समापन पर 24 सितंबर, शनिवार को शाम 7रू00 बजे से जनक मंच पर खाटू श्याम जी की भजन संध्या, सम्मान समारोह एवं जनकपुरी महोत्सव की स्मारिका के आवरण का लोकार्पण किया जाएगा।