आगरालीक्स…(वीडियो) आगरा के सेंट एंथनीज स्कूल में चला बुलडोजर. छात्राओं के परफार्म करने वाले स्टेज को किया ध्वस्त. करीब 75 लाख का नुकसान…
आगरा के टॉप मिशनरी स्कूलों में शामिल माल रोड स्थित सेंट एंथनीज स्कूल में छावनी बोर्ड ने बड़ी कार्रवाई की है. छावनी बोर्ड ने स्कूल में अतिक्रमण हटाया है. टीम द्वारा बुलडोजर से स्कूल की कैंटीन, स्टेज व गेट पर बने तीन निर्माण को ध्वस्त कर दिया गया. स्कूल प्रशासन ने बिना मोहलत दिए कार्रवाई करने का आरोप बोर्ड पर लगाया है.
इस संबंध में छावनी परिषद के अभियंता ने बताया कि स्कूल द्वारा लगातार अवैध निर्माण कार्य कराए जा रहे थे. स्कूल में एक स्टेज, कैंटीन और गेट पर ही गार्ड रूम बनाया गया था. दो बार छावनी बोर्ड द्वारा नोटिस दिया गया लेकिन स्कूल प्रशासन द्वारा इस पर कोई जवाब नहीं दिया गया. शनिवार को छावनी बोर्ड की टीम ने स्कूल में मौजूद तीनों अतिक्रमण को सेना पुलिस के साथ बुलडोजर से ढहा दिया.
करीब 75 लाख का नुकसान
छावनी बोर्ड की इस कार्रवाई से स्कूल का करीब 75 लाख रुपये का नुकसान होना बताया जा रहा है. छावनी बोर्ड के इंजीनियर का कहना है कि स्कूल प्रशासन को पक्ष रखने का मौका दिया गया, मोहलत दी गई लेकिन अवैध निर्माण नहीं हटाए गए. वहीं स्कूल की प्रिंसिपल लूसी डिसूजा के अनुसार स्कूल में अस्थायी स्टेज कई साल पुराना है. साइकिल स्टैंड पर भी कोई पक्का निर्माण नहीं है. बच्चों की साइकिल सेफ रहने के लिए यहां टिन शेड डाली गई है. छावनी बोर्ड से मोहलत मांगी गई थी लेकिन छावनी बोर्ड ने अंदर घुसकर तोड़फोड़ की है. सामान भी ट्रकों से उठा ले गए हैं.