आगरालीक्स…उफान पर आई चंबल नदी, 38 गांवों में मचा हड़कंप, अलर्ट जारी. 24 घंटे में 7 मीटर अधिक बढ़कर खतरे के निशान के करीब पहुंचा..प्रशासन ने 8 बाढ़ चौकियां बनाईं.
कोटा बैराज से छोड़े गये 2 लाख क्यूसेक पानी के चलते चंबल नदी में आए उफान से बाह के 38 गांवों में हड़कंप मच गया है। नदी से जुड़ने वाले कच्चे रास्ते और खादरों में उफान का पानी भर गया है। 24 घंटे में नदी का जलस्तर 7 मीटर बढ़ कर 114 मीटर से 121 मीटर पर पहुंच गया है। जो चेतावनी स्तर 127 मीटर से 6 मीटर नीचे है। खतरे का निशान 130 मीटर पर है। चंबल के उफान के मद्देनजर प्रशासन ने कैंजरा घाट पर मोटरबोट का संचालन बंद करा दिया है।इन गांवों में रतजगा
चंबल नदी में आए उफान के चलते निचले इलाके के रानीपुरा, भटपुरा, गोहरा, मऊ की मढैया, गुढ़ा , झरनापुरा, सिमराई , भगवानपुरा, गांवों में रतजगा के हालात पैदा हो गये हैं। निचले इलाके की झोंपड़ियों में रखे भूसा आदि को समेटने लगे हैं। सिमराई के प्रधान जयवीर सिंह, भगवान पुरा के प्रधान बच्छराज सिंह, गोहरा के राकेश यादव, गुढा के हजूरी ने बताया कि ग्रामीण चंबल नदी के जलस्तर पर नजर रखे हुए हैं। चंबल नदी के बढ़ते जलस्तर के मद्देनजर प्रशासन ने हल्का लेखपालों को गांव में ही स्टे करने और नदी के जलस्तर पर नजर रखने के निर्देश दिए है।
एसडीएम बाह हेमंत कुमार ने बताया कि सोमवार की रात में चंबल नदी का पानी तेजी से बढ़ा था। मंगलवार को दिन में महज एक मीटर पानी बढ़ा है। जलस्तर स्थिर होने की उम्मीद है। बचाव और राहत के लिए 8 बाढ़ चौकियां बनाई हैं। लोगों को नदी किनारे न जाने की हिदायत दी गई है। प्रशासन नजर रखे हुए है। किस बाढ़ चौकी पर विस्थापित होंगे कौन-कौन से गांव के लोग।बाह। चंबल में उफान के मद्देनजर प्रशासन ने परिवारों के प्रभावित होने की स्थिति में विस्थापित करने के लिए 8 बाढ़ चौकियां गठित की हैं।
बाढ़ चौकी मंसुखपुरा में रेहा, बरेंडा, तासौड़, पिनाहट में पिनाहट, क्योरी, करकोली, मंहगोली, उटसाना, उमरैठा में उमरैठा पुरा, बघरैना, बासौनी में बासौनी, जेबरा, कुंवरखेडा, सिमराई में सिमराई, गुढा, पुरा भगवान में पुरा भगवान, खेडा राठौर में खेडा राठौर, महुआशाला, गोहरा, रानी पुरा, नंदगवां में नंदगवां, बिट्ठौना, प्यारमपुरा, मुकुटपुरा, हथकांत, नावली, कोरथ, कमोनी, उदयपुर खुर्द गांव के अलावा मजरों के लोग शिफ्ट किये जायेगें।