आगरालीक्स…आगरा में एक ही दिन में 1093 जोड़ों की होगी शादी. हर जोड़े को मिलेगा कैश और घर गृहस्थी का सामान…
25 जनवरी 2023 को मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह कार्यक्रम
जिलाधिकारी नवनीत सिंह चहल ने बताया कि शासन द्वारा दिए निर्देशों के अनुक्रम में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजनांतर्गत चल वित्तीय वर्ष में 2153 जोड़ों के सामूहिक विवाह कराये जाने हेतु लक्ष्य प्राप्त हुआ था, जिसके सापेक्ष 1060 जोड़ों का सामूहिक विवाह सम्पन्न हुआ है तथा 1093 जोड़ों का सामूहिक विवाह कराया जाना है। इस योजना के अंतर्गत शासन की मंशानुरूप सामूहिक विवाह के लिए 25 जनवरी 2023 की तिथि निर्धारित की गई है.
इन—इन स्थानों से चयन होगा 1093 जोड़ों का
1093 के सापेक्ष विभिन्न विकास खण्डों/नगरीय निकायों को निम्न रूप से लक्ष्य निर्धारित किये गये हैंः- जिनमें विकास खण्ड बाह, पिनाहट, जैतपुरकला, एत्मादपुर, खन्दौली, फतेहपुरसीकरी, अछनेरा, सैंया, खेरागढ़, जगनेर, शमशाबाद, फतेहाबाद, अकोला, बिचपुरी, बरौली अहीर के लिये 55-55 कुल 825 जोड़ों का लक्ष्य तथा नगर-निगम आगरा के लिये 151 जोड़े तथा छावनी परिषद 07, बाह 10, पिनाहट 10, एत्मादपुर 10, फतेहपुरसीकरी 10, अछनेरा 10, किरावली 10, खेरागढ 10़, जगनेर 10, शमशाबाद 10, फतेहाबाद 10 कुल 258 जोड़े एवं दयालबाग 05 व स्वामीबाग 05 कुल 10 जोड़ों का लक्ष्य निर्धारित किया गया है.

जिलाधिकारी ने नगर आयुक्त, नगर-निगम आगरा, अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत, समस्त खण्ड विकास अधिकारी तथा समस्त अधिशासी अधिकारी, नगर-पालिका परिषद, छावनी परिषद, मुख्य नगर स्वास्थ्य अधिकारी नगर-निगम, आगरा को निर्देशित किया है कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करते हुए सामूहिक विवाह हेतु जोड़ों का चयन/पंजीकरण, गहन जांच/स्वीकृति/ आयोजन स्थल आदि की व्यवस्था करने के साथ ही पंजीकृत जोड़ों की सूचना/सूची नियत प्रारूप पर जिला समाज कल्याण अधिकारी आगरा को 20 जनवरी 2023 की शाम तक उपलब्ध कराया जाना सुनिश्चित करें, जिससे कि आवश्यक व्यवस्थाएं की जा सकें.
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना में 51 हजार रू0 प्रति जोड़े के हिसाब से धनराशि व्यय की जायेगी, जिसमें 35 हजार रू0 कन्या के खाते में विवाह के दिन अंतरित किये जायेंगे, 10 हजार रू0 जोड़े को भेंट की जाने वाली आवश्यक सामग्री हेतु तथा 06 हजार रू0 सामूहिक विवाह के आयोजन की व्यवस्था हेतु सम्बन्धित निकायों के स्तर पर नियमानुसार व्यय की जानी है. जिलाधिकारी महोदय ने कड़ाई से निर्देश देते हुए कहा कि 25 जनवरी 2023 को शत्-प्रतिशत् लक्ष्यों की पूर्ति की जाये, शत्-प्रतिशत् लक्ष्यों की पूर्ति न होने की दशा में अवशेष लक्ष्यों के अनुसार दिनांक 10 फरवरी 2023 को सामूहिक विवाह का आयोजन कर लक्ष्यों की शत्-प्रतिशत् पूर्ति की जाये.