आगरालीक्स…आगरा के सेंट मैरीज़ चर्च में धूमधाम से मनाया गया “चाइल्डहुड डे”
आज सेंट मैरीज़ चर्च में बच्चों के लिए विशेष दिवस “चाइल्डहुड डे” का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित हुए। इस पावन अवसर पर चर्च परिसर बच्चों की मासूमियत और उत्साह से भर गया। कार्यक्रम की शुरुआत विशेष प्रार्थना से हुई, जिसके बाद फादर शाजी ने मुख्य प्रवचन दिया। उन्होंने बाइबल से बच्चों को पाठ पढ़ाया और उनके उज्ज्वल भविष्य की प्रार्थना की। उन्होंने अपने प्रवचन में यह संदेश दिया कि जिस भोजन को हम ग्रहण करते हैं, उसका एक अंश उन बच्चों को भी देना चाहिए, जिनके पास खाने के लिए कुछ नहीं होता। उन्होंने बच्चों को जीवन में सच्चाई और ईमानदारी के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी और यह बताया कि सफलता प्राप्त करने के लिए गलत रास्ता नहीं अपनाना चाहिए। यदि हम सत्य के मार्ग पर चलते हैं, तो एक न एक दिन हमें सफलता अवश्य प्राप्त होगी।
इस आयोजन में चर्च के पल्ली पुरोहित फादर जोसेफ डाबरे, फादर संतोष डिसा, फादर जॉन सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे। क्रिश्चियन समाज सेवा सोसाइटी के अध्यक्ष डेनिस सिल्वेरा ने भी बच्चों के सुनहरे भविष्य की कामना करते हुए कहा कि बच्चे समाज का भविष्य हैं और उन्हें सही दिशा में मार्गदर्शन देना हम सभी का कर्तव्य है।