आगरालीक्स….आगरा में क्रिश्चियन समाज ने शुरू की क्रिसमस की तैयारियां. 400 बच्चों के साथ साझा की खुशियां
प्रभु यीशु मसीह के जन्मोत्सव क्रिसमस के पावन अवसर पर आयोजित धार्मिक, सामाजिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला में एक और प्रेरक कड़ी जोड़ते हुए क्रिश्चियन समाज सेवा सोसाइटी के तत्वावधान में सोसाइटी के मुख्यालय, कोठी संख्या 95, नौलक्खा, ग्वालियर रोड, आगरा छावनी पर भव्य क्रिसमस ट्री कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह आयोजन स्वर्गवासी श्री माइकल सिल्वेरा की स्मृति में भिन्न-भिन्न आयु वर्ग के बच्चों के लिए विशेष रूप से आयोजित किया गया, जिसमें लगभग चार सौ बच्चों, युवक-युवतियों एवं अभिभावकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता कर क्रिसमस की खुशियाँ साझा कीं।क्रिसमस ट्री समारोह का उद्घाटन मुख्य अतिथि डॉ. पंकज महेन्द्रु ने किया। कार्यक्रम में क्रिसमस का मुख्य संदेश एवं आशीर्वचन आगरा के महाधर्माध्यक्ष डॉ.रफी मंजली ने प्रदान किया। समारोह का शुभारम्भ डॉ. रफी मंजली द्वारा की गई प्रार्थना एवं आशीष के साथ हुआ, जिसमें प्रेम, शांति, सेवा और भाईचारे का संदेश दिया गया। समारोह के दौरान बच्चों के लिए रस्साकशी, जलेबी रेस, शू-रेस, बैलून रेस, कैंडल रेस, म्यूजिकल चेयर तथा “बॉम्बिंग द सिटी” जैसे मनोरंजक खेलकूदों का आयोजन किया गया। बच्चों ने पूरे उत्साह और उमंग के साथ इन खेलों में भाग लिया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण सांता क्लॉज रहे, जिन्होंने बच्चों और बड़ों सभी को उपहार वितरित कर प्रोत्साहित किया। उनके आगमन से बच्चों में विशेष उत्साह देखने को मिला और उपहार पाने की खुशी से पूरा परिसर आनंदमय हो उठा।
इस अवसर पर सीएनआई डायसिस के पूर्व बिशप हैबिल ने ने सोसाइटी द्वारा किए जा रहे सामाजिक एवं सेवा कार्यों की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए पदाधिकारियों को शुभकामनाएँ दीं तथा इस प्रकार के कार्यक्रमों के माध्यम से समाज के जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए आगे आने की अपील की। कार्यक्रम में डॉ. पंकज महेन्द्र, डॉ. रेनू महेन्द्र, फादर रोशन डी’सिल्वा, फादर जोसफ डाबरे तथा फातिमा अस्पताल की निदेशिका सिस्टर रिंटा ने विजयी बच्चों को पुरस्कार वितरित किए।
होटल रॉयल सरोवर के जनरल मैनेजर अमरेन्द्र कुमार करण ने इस क्रिसमस कार्यक्रम में अपना विशेष सहयोग प्रदान किया। आयोजन को सफल बनाने में विलियम सिल्वेरा, एंड्रयू गुथरी, ग्लोरिया सिल्वेरा, एबेनेज़र शॉ एवं अलविन सिल्वेरा का महत्वपूर्ण योगदान रहा।