आगरालीक्स…आगरा में बादल भी छाए और तापमान भी कम हुआ…पर बारिश नहीं हुई. जानें आने वाले सप्ताह का मौसम अपडेट…बारिश होगी या नहीं..
आगरा में बादल भी छा रहे हैं और तापमान भी कम हो रहा है लेकिन बारिश नहीं हो रही. बादलों का डेरा आसमान में लगता है तो आसार होते हैं कि बारिश होगी लेकिन हर बार निराशा ही मिल रही है. बारिश न होने के कारण उमसभरी गर्मी से लोग बेहाल हैं. बारिश को लेकर मौसम विभाग के पूर्वानुमान फेल हो रहे हैं. शुक्रवार को भी आगरा के आसमान में कई बार बादलों का डेरा लगा. लोगों को उम्मीद जगी कि झमाझम बारिश होगी, लेकिन झमाझम तो दूर बारिश की एक बूंद तक नहीं गिरी. शाम होते ही उमसभरी गर्मी से लोग परेशान हैं.

मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को शहर के अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई. अधिकतम तापमान 35.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो कि सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस कम रहा तो वहीं न्यूनतम तापमान 29.1 डिग्री सेल्सियस रहा और यह सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस अधिक रहा.
मौसम विभाग के अनुसार 15 जुलाई तक हर रोज बादल छाने और एक दो स्पैल में बारिश होने के आसार जताए जा रहे हैं. लेकिनइस दौरान तापमान भी बढ़ने की संभावना है जो कि 15 जुलाई तक 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है.