आगरालीक्स…आगरा के माही इंटरनेशनल स्कूल में लगी सांस्कृतिक प्रदर्शनी. विद्यार्थियों को देश की विविध लोक परंपराओं, कला, संस्कृति और विरासत से कराया परिचित
माही इंटरनेशनल स्कूल के कल्चरल क्लब द्वारा अभिभावक-शिक्षक बैठक के अवसर पर भारत की सांस्कृतिक विविधता पर आधारित प्रदर्शनी आयोजित की गई। इस प्रदर्शनी का उद्देश्य विद्यार्थियों को देश की विविध लोक परंपराओं, कला, संस्कृति और विरासत से परिचित कराना तथा उनमें ‘विविधता में एकता’ की भावना को सुदृढ़ करना था। विद्यार्थियों ने अपने मार्गदर्शक शिक्षकों के निर्देशन में उत्तर प्रदेश, राजस्थान, पंजाब, बंगाल, महाराष्ट्र, गुजरात, हिमाचल प्रदेश, हरयाणा, दक्षिण भारत और पूर्वी भारत की संस्कृति, वेशभूषा, खान-पान, ऐतिहासिक स्थलों, लोक परंपराओं और क्षेत्रीय विशेषताओं को मॉडल, चार्ट व रचनात्मक प्रस्तुतियों के माध्यम से प्रदर्शित किया गया।
विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत पारंपरिक नृत्य कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रहे। इन नृत्य प्रस्तुतियों के माध्यम से दर्शकों ने भारत की सांस्कृतिक यात्रा का अद्भुत अनुभव किया। रंग-बिरंगी वेशभूषा, जीवंत संगीत और प्रभावशाली प्रस्तुतियों ने सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। प्रत्येक कक्ष और प्रस्तुति में विद्यार्थियों की मेहनत, कल्पनाशीलता तथा विषय के प्रति गहरी समझ स्पष्ट दिखाई दे रही थी। अभिभावकों ने प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए भारत की सांस्कृतिक समृद्धि और विद्यार्थियों की प्रतिभा की सराहना की। विद्यालय के चेयरमैन संजय अग्रवाल एवं मैनेजिंग ट्रस्टी मंजरी अग्रवाल ने विद्यार्थियों तथा कल्चरल क्लब के शिक्षक-शिक्षिकाओं के प्रयासों की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि ऐसी गतिविधियां विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति से जोड़ने के साथ उनमें टीमवर्क, अनुशासन, नेतृत्व और आत्मविश्वास का विकास करती हैं।
सांस्कृतिक प्रदर्शनी और मनमोहक नृत्य प्रस्तुतियों ने यह संदेश प्रभावशाली ढंग से दिया कि भारत की अनेक भाषाओं, परंपराओं, वेशभूषाओं और लोककलाओं के बावजूद हम सभी एक सूत्र में बंधे हैं। वास्तव में, यह आयोजन ‘विविधता में एकता’ की भावना का जीवंत और प्रेरणादायक उदाहरण बन गया।