आगरालीक्स…आगरा में कोचिंग कर रहे स्टूडेंट का शव ट्रैक पर दो हिस्सों में मिला. पैंट की जेब में मिली नाम और भाई का मोबाइल नंबर लिखी पर्ची. सीसीटीवी फुटेज में आया नजर…
आगरा के नगला पदी में किराये पर कमरा लेकर नौकरी के लिए कोचिंग कर रहे युवक का शव मथुरा में मिला है. शव दो हिस्सों में बंटा मिला. मथुरा के अंतरराज्यीय बस अड्डे के पीछे रेलवे ट्रैक पर मिले शव को पुलिस ने कब्जे में लिया. मृतक की जेब से एक पर्ची मिली जिस पर उसका नाम व भाई का मोबाइल नंबर लिखा मिला. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और परिजनों को सूचना दी. मृतक की शिनाख्त जलेसर के अगरपुर निवासी कुलवेंद्र के रूप में हुई है.

परिजनों के अनुसार कुलवेंद्र आगरा के थाना न्यू आगरा क्षेत्र में नगला पदी में किराये के कमरे में रह रहा था. वह यहां रहकर नौकरी के लिए कोचिंग कर रहा था. मृतक के भाई रविंद्र ने बताया कि कुलवेंद्र को दो युवक अपने साथ ले गए थे जो उसी मकान में किराए पर रह रहे हैं. मंगलवार रात तक जब वह नहीं लौटा तो परिजनों ने उसके साथ रहने वाले युवक ने इसकी जानकारी दी थी. बुधवार सुबह पुलिस का फोन आया कि कुलवेंद्र का शव मथुरा में ट्रैक पर मिला है. रविंद्र ने बताया कि उसका आधार कार्ड और मोबाइल कमरे में ही मिले हैं और पुलिस उसकी जेब में लिखी पर्ची की हैंडराइटिंग एक्सपर्ट से जांच कराने में जुटी है. सीसीटीवी में कुलवेंद्र नगला पदी से निकलते वक्त दिखाई भी दिया है. वह दो युवकों के साथ जा रहा है और भगवान टाकीज से ही ये बस के माध्यम से मथुरा पहुंचे हैं. पुलिस मामले की जांच कर रही है.