आगरालीक्स…आगरा में एक और बड़ा हादसा. पैर फिसलने पर युवक चंबल नदी में गिरा. बचाने के लिए तीन दोस्ता भी नदी में कूदे….तीन की मौत…
आगरा में रविवार को एक और बड़ा हादसा हो गया. पिनाहट के चंबल नहर में तीन दोस्तों की डूबने से मौत हो गई जबकि एक युवक को बचा लिया गया है. तीनों को गोताखोरों ने बाहर निकाला और अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया.

ये है पूरा मामला
मामला पिनाहट के चंबल नहर का है. छह युवक अंकित, भोला, शिवा, गोलू, नीशू और दीपक चंबल नहर पर गए हुए थे. सभी नहर किनारे बैठे हुए थे कि तभी अचानक अंकित का पैर फिसल गया और वह नहर में गिर गया. ये देखकर भोला, शिवा और गोलू उसे बचाने के लिए नहर में कूद गए. लेकिन वे तीनों भी नहर में डूबने लगे. इस पर अन्य दो युवक नीशू और दीपक ने भी सभी को बचाने का प्रयास किया. उन्होंने गोलू को तो सुरक्षित बाहर निकाल लिया लेकिन बाकी तीनों अंकित, भोला और शिवा नहर में डूब गए.
जानकारी होने पर पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने गोताखोरों की मदद से तीनों डूबे युवकों को बाहर निकाला. तीनों की हालत काफी गंभीर थी. उन्हें सीएचसी पिनाहट ले जाया गया जहां से तीनों को आगरा रेफर कर दिया गया. आगरा पहुंचने पर चिकित्सकों ने तीनों युवकों को मृत घोषित कर दिया. एक साथ तीन युवकों की मौत की खबर मिलते ही गांव में कोहराम मच गया. जानकारी पर पूर्व मंत्री अरिदमन सिंह भी गांव पहुंच गए थे.