आगरालीक्स…Agra News : डॉ. भीमराव आंबेडकर की जयंती पर प्रदेशभर के विश्वविद्यालयों में भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। ( Agra News : Debate competition on Dr BR Aambedkar Univ. Agra#Agra )
कुलपति प्रो. आशु रानी की अध्यक्षता में छात्र कल्याण विभाग की बैठक हुई। कुलपति प्रो. आशु रानी ने कहा कि प्रतियोगिता ,चार चरण में होगी। पहले चरण में महाविद्यालय अपने यहां प्रतियोगिता कराएंगे। सफल हुए छात्र विवि स्तर पर होने वाली प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेंगे। इसके बाद राजभवन में अंतिम चरण की प्रतियोगिता होगी। भाषण प्रतियोगिता छात्रों को अपने विचारों की अभिव्यक्ति का अवसर प्रदान करने के साथ-साथ उनके बौद्धिक विकास, संवैधानिक चेतना, सामाजिक न्याय और अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों पर उनकी समझ और विचारों को विकसित करने के लिए एक मंच प्रदान करती है।
अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. बीएस शर्मा ने बताया कि प्रतियोगिता विकसित भारत की संकल्पना, प्रदेश के भौगोलिक व सामाजिक आधार पर विद्यमान आर्थिक एवं सामाजिक दूरी पर प्रौद्योगिकी का प्रभाव? लाभ, हानि व उपाय, नये प्रौद्योगिकी युग में भारत के संविधान में सुधार किस सीमा तक?, भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर, भारत का संविधान एवं अमृतकाल में विकसित भारत – सामंजस्य का मार्ग ? विषय पर आयोजित की जाएगी। प्रथम चरण महाविद्यालय स्तर पर सात अप्रैल तक पूर्ण किया जाएगा। द्वितीय चरण विश्वविद्यालय स्तर पर आठ अप्रैल को होगा। तृतीय चरण में विश्वविद्यालयों के समूह स्तर पर चयनित प्रतिभागियों के मध्य आयोजित किया जाएगा। चतुर्थ चरण 14 अप्रैल को राज भवन, लखनऊ में आयोजित किया जाएगा।