आगरालीक्स…आगरा में एमजी रोड पर मेट्रो निर्माण से लग रहे जाम के लिए आटो व ई—रिक्शा पर रोक लगाने की मांग. गूगल पर रियल टाइम अपडेट करेगा आगरा मेट्रो…
आगरा में एमजी रोड पर चल रहे मेट्रो निर्माण कार्य के दौरान लग रहे जाम को दूर करने और सुविधाजनक यातायात व्यवस्था के लिए व्यापारी संगठन और मेट्रो अधिकारियों के बीच एक बैठक आयोजित की गई जिसमें एमजी रोड पर मेट्रो निर्माण के दौरान आटो व ई रिक्शा पर प्रतिबंध लगाने की मांग की गई. इस बैठक में यूपीएमआरसी के पदाधिकारी, व्यापार मंडल और आगरा के प्रतिष्ठित व्यापारी संगठनों ने भाग लिया।
माल वाहन वाहनों का भी टाइम होगा निश्चित
बैठक में व्यापारियों बताया कि उनके मालवाहक वाहन एमजी रोड से गुजरते हैं, क्योंकि यह शहर की मुख्य सड़क है। सभी ने यह निर्णय लिया कि सार्वजनिक हित को ध्यान में रखते हुए एमजी रोड पर मालवाहक वाहन सुबह नौ बजे से पहले और रात सात बजे के बाद ही चलेंगे। दिन में यदि वाहन निकलते हैं, तो समय और स्थान का ध्यान रखते हुए उन्हें दो- दो घंटे के अंतराल में चलाया जाएगा। इससे एमजी रोड पर ट्रैफिक कम होगा।

व्यापारिक संगठनों ने मेट्रो अधिकारियों से अनुरोध किया कि मेट्रो निर्माण के दौरान, जहां भी संभव हो, एमजी रोड पर चौड़े फुटपाथ को तोड़कर सड़क का विस्तार किया जाए। इस पर मेट्रो अधिकारियों ने सहमति व्यक्त करते हुए कहा कि जनता को सुगम मार्ग प्रदान करने के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा। मेट्रो के अधिकारियों ने यह भी कहा कि मेट्रो निर्माण के लिए सड़क पर बोर्ड लगाने से पहले, वे जनता की सुगमता और सुरक्षा के लिए यातायात डायवर्सन के साइन बोर्ड भी लगाएंगे। इसका उद्देश्य यह है कि यात्रियों को मेट्रो निर्माण के कारण होने वाले यातायात परिवर्तनों के बारे में पहले से ही जानकारी मिल सके, जिससे वे अपनी यात्रा की योजना बना सकें और असुविधा से बच सकें।
डायवर्सन के बारे में किया जाएगा प्रचार
सोशल मीडिया के माध्यम से प्रचार करेंगे, और सुगम यातायात के लिए मार्शल, गार्ड्स तथा वॉलिंटियर्स तैनात करेंगे, साथ ही सइनीज बोर्ड भी लगाए जाएंगे। मेट्रो के पदाधिकारी ने सहमति व्यक्त की है कि बोर्ड लगाने से पहले निर्माण कार्य पूरा किया जाएगा और यातायात डायवर्सन के बारे में व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा ताकि वाहन चालकों को इसकी जानकारी मिल सके। मेट्रो के अधिकारियों ने यह भी कहा कि मेट्रो निर्माण कार्य के दौरान यातायात डायवर्सन रूट को गूगल मैप पर वास्तविक समय में अपडेट किया जाएगा, जिससे यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुँचने में आसानी हो और वे नवीनतम यातायात जानकारी से अपडेट रहें। व्यापारिक संगठनों द्वारा सुझाव दिया गया है कि मेट्रो निर्माण क्षेत्रों में ऑटो ई रिक्शा पर प्रतिबंध लगाया जाए।
इस संदर्भ में निर्णय लिया गया है कि ऑटो ई रिक्शा को एम. जी. रोड पर नियंत्रण करने के लिए पुलिस, आरटीओ, नगर निगम, आगरा विकास प्राधिकरण, और NHAI आदि के साथ विचार-विमर्श कर एक योजना तैयार की जाएगी जिससे यातायात व्यवस्था में सुधार होगा और सार्वजनिक सुविधाएं बढ़ेंगी। व्यापारिक संगठनों ने सुझाव दिया है कि नगर निगम की बसों की सेवाएं भी यातायात व्यवस्था को सुधारने में मदद कर सकती हैं। एमजी रोड पर पर्याप्त संख्या में बसें चल रही हैं, जिससे यात्रियों को आवागमन में कोई कठिनाई नहीं होगी। इस दौरान यातायात पुलिस ने उपस्थित लोगों को सड़क सुरक्षा से जुड़े आवश्यक नियमों के बारे में अवगत कराया, जिनमें प्रमुख थे: ओवरस्पीडिंग से बचना, शराब पीकर वाहन न चलाना, रेड लाइट जम्प न करना, मोबाइल फोन पर बात करते हुए गाड़ी न चलाना, सीट बेल्ट का प्रयोग करना, हेलमेट पहनना, नो पार्किंग जोन।
मेट्रो के पदाधिकारी ने बताया कि मेट्रो निर्माण कार्य जो कि 2 वर्षों में पूरा करना है, वह तीन चरणों में विभाजित किया जाएगा, जिससे निर्माण कार्य को सुव्यवस्थित, तेजी से और प्रभावी ढंग से पूरा किया जा सके.
मेट्रो का कार्य तीन चरणों में पूरा किया जाएगा:
चरण प्रथम
मेट्रो के मार्ग का निर्धारण – भूमि अधिग्रहण
निर्माण कार्य की शुरुआत
चरण द्वितीय
मेट्रो के स्टेशनों का निर्माण
रेलवे ट्रैक का निर्माण
सिग्नलिंग और इलेक्ट्रिक सिस्टम की स्थापना
चरण तृतीय
मेट्रो के परीक्षण और ट्रायल रन
सुरक्षा और रखरखाव की व्यवस्था
मेट्रो सेवाओं का व्यावसायिक परिचालन शुरू करना