आगरालीक्स…आगरा में रंगभरनी एकादशी की चांदनी रात में बाबा के दर्शन को उमड़े भक्त. खाटू श्याम जी का किया गया विशेष श्रंगार व रात 12 बजे तक खुले हैं पट
रंगभरनी एकादशी पर खाटू श्याम मंदिर में उमड़े श्रद्धालु
रंगभरनी चांदनी ग्यारस (एकादशी) के उपलक्ष्य में जीवनी मंडी स्थित खाटू श्याम जी के मंदिर में विशेष मेवे के फूल बंगला का आयोजन किया गया। मेवे की 101 मालाओं से श्याम बाबा का विशेष श्रंगार किया गया। सुबह 6 बजे मंगला आरती के साथ ही खाटू नरेश के दिव्य व अलौकिक दर्शन के लिए भक्तों की भीड़ उमड़ने लगी। हजारों की संख्या में पहुंचे भक्तों को दर्शन के लिए देर रात 12 बजे तक श्याम बाबा के पट खुले रहे।

सतरंगी फूलों व रोशनी से सजा मंदिर
रंगभरनी एकादशी के उपलक्ष्य में मंदिर परिसर को सतरंगी फूलों व रोशनी से सजाया गया। दर्शन के लिए कतार में लगे भक्तों को अपनी बारी के लिए घंटों इंतजार करना पडा। वहीं कुछ भक्त घंटों मंदिर में बैठकर श्याम बाबा की अलौकिक छवि को निहारते रहे और कीर्तन करते रहे। सभी भक्तों को प्रसाद वितरित किया गया। इस अवसर पर मुख्य रूप से खाटू श्याम मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष अनिल मित्तल, अरुण मित्तल, हेमेन्द्र अग्रवाल, विपिन बंसल, विकास गोयल, श्रेता गुप्ता, संदीप मित्तल, विकास मांगलिक, विनीत मांगलिक, मनीष बंसल, मनीष गोयल आदि मौजूद रहे।

खाटू वाला श्याम मेरे घर आया…
आगरा। संध्या आरती के उपरान्त मंदिर में भजन संध्या का आयोजन किया गया। जिसमें भजन गायक अनूप गोयल ने श्याम बाबा के भजन गाकर हर भक्त को झूमने पर मजबूर कर दिया। खाटू वाला श्याम मेरे घर आया…, श्याम बाबा का श्रंगार मन भावे…, जैसे भजनों पर भक्तों ने भी अपने भक्तिमय स्वर जोड़ दिए।