आगरालीक्स…आगरा में एमएलसी चुनाव के लिए 23 अक्टूबर को मतदान और 27 को मतगणना. डीएम ने मंडी समिति में स्ट्रांग रूम और मतगणना स्थल की व्यवस्थाओं का लिया जायजा.
जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी मनीष बंसल ने मंडी समिति परिसर का निरीक्षण कर आगरा खंड स्नातक एवं शिक्षक विधान परिषद निर्वाचन-2026 के दृष्टिगत पोलिंग पार्टियों की रवानगी, मतदान उपरांत निर्वाचन सामग्री एवं मतपेटिकाओं को सुरक्षित स्ट्रांग रूम में रखे जाने, सुरक्षा व्यवस्था तथा मतगणना स्थल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। जिलाधिकारी ने 23 अक्टूबर 2026 को होने वाले मतदान के लिए पोलिंग पार्टियों की रवानगी व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सभी पोलिंग पार्टियों को आवश्यक निर्वाचन सामग्री के साथ व्यवस्थित एवं सुरक्षित ढंग से रवाना किया जाए तथा कार्मिकों के आवागमन और वाहनों की व्यवस्था की समयबद्ध रूप से पूर्ण करना सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने मतदान उपरांत आगरा खंड के अंतर्गत आने वाले सभी 12 जनपदों से प्राप्त मतपत्रों एवं निर्वाचन सामग्री को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार सुरक्षित स्ट्रांग रूम में रखे जाने की व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया। जिलाधिकारी ने स्ट्रांग रूम की सुरक्षा, सीसीटीवी निगरानी, प्रवेश-निकास व्यवस्था तथा सुरक्षा बलों की तैनाती सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुरूप सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि मतदान समाप्ति के बाद संबंधित जनपदों से निर्वाचन सामग्री प्राप्त होने से लेकर उसके सुरक्षित स्ट्रांग रूम में रखे जाने तक प्रत्येक चरण में निर्धारित प्रक्रिया का कड़ाई से पालन किया जाए। निर्वाचन सामग्री के सुरक्षित संधारण एवं निगरानी की व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो। उन्होंने मतगणना स्थल का निरीक्षण करते हुए 27 अक्टूबर 2026 को प्रस्तावित मतगणना के दृष्टिगत मतगणना कक्ष, मतगणना टेबल, कार्मिकों एवं निर्वाचन अभिकर्ताओं के लिए निर्धारित स्थान, बैरिकेडिंग, प्रवेश एवं निकास व्यवस्था सहित साफ सफाई, पेयजल एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
उन्होंने कहा कि स्ट्रांग रूम एवं मतगणना स्थल की सुरक्षा के साथ-साथ सीसीटीवी निगरानी एवं अन्य निर्धारित सुरक्षा प्रबंधों को समयबद्ध रूप से पूर्ण कर लिया जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया को स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी व्यवस्थाएं पूर्व से ही सुनिश्चित कर ली जाएं तथा निर्वाचन आयोग द्वारा दिए गए दिशा-निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन किया जाए। निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी(नगर)/उप जिला निर्वाचन अधिकारी यमुनाधर चौहान, सहायक निर्वाचन अधिकारी नर सिंह, डीडीसी मंडी आलोक दुबे, मंडी सचिव अजय प्रताप सिंह, अवर अभियंता पीडब्ल्यूडी किशोर कुमार, मनोज कुमार सहित संबंधित अधिकारीगण मौजूद रहे।