आगरालीक्स…आगरा में अवैध खनन पर ड्रोन से निगरानी. 7 वाहन अवैध खनन में पकड़कर किए सीज. तीन के ई चालान
जिलाधिकारी आगरा अरविंद मल्लप्पा बंगारी के निर्देश पर क्षेत्र में लगातार हो रहे अवैध खनन/परिवहन पर लगातार कार्यवाही की जा रही है, इसी क्रम में दिनांक 17/18. दिसंबर 2025 को कुल 07 वाहनों पर कार्यवाही की गयी, जिसमें थाना जगनेर में 01 वाहन, थाना अछनेरा में 01 वाहन तथा तहसील एत्मादपुर क्षेत्र में साधारण मिट्टी का अवैध खनन करते पकड़े जाने पर 01 मशीन व 01 डंपर को सीज किया गया है। साथ ही 03 वाहनों पर ई चालन की कार्यवाही की गयी। जिलाधिकारी के आदेशानुसार उक्त के अतिरिक्त खनन टास्क फोर्स की बैठक में जिलाधिकारी द्वारा दिए गए निर्देश के क्रम मै पुनः आज दिनांक 18.12.2025 को तहसील खेरागढ़ के सीमावर्ती स्थित पहाड़ी क्षेत्रों यथा बसई जगनेर, कुल्हड़ा व पीपरैठा पहाड़ी का यथास्थिति को पता लगाए जाने हेतु ड्रोन के माध्यम से सर्वे कराया गया, जिसमें पिछले माह ड्रोन सर्वे में जो स्थिति पायी गयी थी, वहीं स्थिति वर्तमान में भी पाई गयी। उत्तर प्रदेश की सीमा क्षेत्र में किसी प्रकार का अवैध खनन/परिवहन का होना नहीं पाया गया, हालांकि राजस्थान की ओर खनन होना प्रदर्शित हुआ। अवैध खनन/परिवहन न होने पाए इसके लिए खनन टास्क फोर्स के माध्यम से निगरानी रखी जा रही है, किसी भी तरह का विपरीत स्थिति पाए जाने पर त्वरित कार्यवाही की जाएगी। किसी भी दशा में जनपद में अवैध खनन/परिवहन होने नहीं दिया जाएगा।