आगरालीक्स…आगरा में आज गर्मी ने झुलसा दिया. दिन में आसमान से बरसे अंगारे. लोगों के साथ पशु पक्षी भी हुए बेहाल…जानें मौसम अपडेट
आगरा में भीषण गर्मी ने आज लोगों को दिन के समय झुलसा दिया. दिन में धूप का तेज इतना अधिक था कि मानो आसमान से अंगारे बरस रहें हों. ज्यादातर लोगों ने दोपहर के समय बाहर निकलना उचित नहीं समझा. बच्चों से लेकर महिलाएं और बुजुर्ग तो सुबह 10 बजे के बाद से ही कमरे में रहे. सुबह 9 बजे से ही चमकीली धूप में खड़ा होना मुश्किल हो रहा था. इसका असर तापमान पर भी दिखाई दिया है. मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को आगरा का अधिकतम तापमान 42.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया तो वहीं न्यूनतम तापमान 25.3 डिग्री सेल्सियस रहा.

तीन दिन हीट वेव का है अलर्ट
बता दें कि आगरा में आज से तीन दिन तक हीट वेव का अलर्ट है. मौसम विभाग के अनुसार 10 जून तक भीषण गर्मी पड़ने के आसार हैं और दिन का तापमान 45 से 46 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है.