आगरालीक्स…आगरा की हवा में धूल और प्रदूषण. मेट्रो कर रही कंस्ट्रक्शन एरिया में लगातार छिड़काव. एंटी स्मॉग गन और वॉटर टैंकर का हो रहा प्रयोग…
पर्यावरण संरक्षण के प्रति उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (यूपीएमआरसी) ने सदैव अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की है। मेट्रो परियोजनाओं के विकास के आधार में पर्यावरण संरक्षण का कारक प्रमुख होता है।आगरा मेट्रो द्वारा सिविल निर्माण कार्य के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण और प्रदूषण नियंत्रण के उपाय भी सतत रूप से किए जा रहे हैं। जल का छिड़काव, एंटी स्मोग गन का प्रयोग, निर्माण स्थलों पर व्यवस्थित बैरिकेडिंग आदि प्रयासों से निर्माण कार्य के दौरान यातायात लेन पर होने वाले धूल उत्सर्जन का शमन किया जा रहा है।
आगरा मेट्रो द्वारा एमजी रोड पर नियमित अंतराल पर ट्रक पर लगाई गई एंटी स्मॉग गन एवं पानी के टैंकर के जरिए पानी का छिड़काव किया जा रहा है। इसके साथ ही सभी निर्माण स्थलों पर निर्माण सामग्री को ग्रीन नेट से ढक कर रख जा रहा है। बता दें कि अन्य सार्वजनिक परिवहन के साधनों की तुलना में मेट्रो पर्यावरण की सबसे अच्छी मित्र है क्योंकि मेट्रो प्रणाली ज़ीरो कार्बन एमिशन के साथ संचालित होती है। ब्रेकिंग के माध्यम से ऊर्जा सृजित एवं संरक्षित करने के लिए मेट्रो ट्रेनों एवं लिफ़्ट्स में रीजेनरेटिव ब्रेकिंग प्रणाली का प्रयोग, मेट्रो ट्रेनों में एयर कंडीशनिंग सिस्टम को नियंत्रित करने के लिए एचवीएसी प्रणाली का प्रयोग, जल संरक्षण के लिए वायडक्ट के नीचे पिट्स की व्यवस्था तथा संपूर्ण मेट्रो सिस्टम में 100 प्रतिशत एलईडी लाइटिंग आदि, पर्यावरण संरक्षण की दिशा में मेट्रो के प्रयासों के कुछ उत्कृष्ट उदाहरण हैं।
आगरा मेट्रो ने प्रतिदिन की तरह आज भी शहर के विभिन्न हिस्सों में निर्माण कार्यों के दौरान धूल उत्सर्जन के प्रभाव को कम करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसके साथ ही एमजी रोड पर यातायात को सुगम बनाऐ रखने सड़क की निरंतर मरम्मत की जा रही है।