आगरालीक्स….आगरा के आधे इलाके अंधेरे में डूबे. आंधी आने से पहले कट गई थी बिजली. दस बजे तक कई इलाकों में नहीं आई लाइट
आगरा में रविवार शाम को अचानक आई आंधी तूफान से काफी नुकसान हुआ है. कहीं बिजली के तारों पर पेड़ गिर गए तो कहीं तुफान के कारण होर्डिंग्स और बैनर टूट कर गिर गए. इसके साथ ही आंधी के समय ही बिजली को काट दिया गया जिसके कारण लोग परेशान रहे. आंधी और तूफान खत्म होने के बाद लोग बिजली का इंतजार करते रहे लेकिन कई इलाकों में बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हुई. टोरंट पावर का नंबर भी लोग मिलाते रहे लेकिन नंबर पूरी तरह से इन्गेज रहा. आवास विकास कॉलोनी में बिजली के खंभे पर पेड़ गिर गया जिसके कारण क्षेत्र की आपूर्ति काफी देर तक बहाल नहीं हो सकी.

लगाते रहे टोरंट पावर का नंबर
इधर बिजली जाने के बाद लोग केवल टोरंट पावर का नंबर लगा रहे थे लेकिन लोगों को निराशा हाथ लगी क्योंकि नंबर ही नहीं लगा. शाम सात बजे के बाद से बिजली आपूर्ति बहाल की जाने लगी. दस बजे तक शहर के 70 प्रतिशत इलाकों में बिजली आ गई लेकिन 30 प्रतिशत इलाके ऐसे भी रहे जहां बिजली नहीं आई. इनमें दयालबाग, कालिंदी विहार, टेढ़ी बगिया, आवास विकास कॉलोनी मुख्य रहीं. इसके अलावा देहात के इलाकों में तो बिजली पूरी तरह से बाधित हो गई. आगरालीक्स ने टोरंट पावर से संपर्क किया जिसमें आश्वासन दिया गया कि जल्द ही पूरे शहर की बिजली व्यवस्था सुचारू कर दी जाएगी.