आगरालीक्स…गर्मी का दुश्मन है ये फल, मगर सिर्फ 20 दिन का मेहमान! आगरा के बाजारों में इन दिनों फालसेव छाए हुए हैं, गर्मी से बचने को लोग इसका शरबत भी पी रहे हैं, जानें कीमत और फायदे
आगरा में भी प्रदेश भर की तरह ही गर्मी का प्रकोप जारी है। पिछले तीन दिनों से लगातार इमरजेंसी और हीट वेव अलर्ट भी आ रहे हैं। ऐसे में सूर्य देवता की तपिश से हलकान लोग बचने के लिए तरह—तरह के जतन कर रहे हैं। फलों औ पेय पदार्थों का इस्तेमाल बढ़ गया है। गर्मियों का उपहार कहे जाने वाले फालसा की भी जबरदस्त डिमांड है, मगर यह बस चंद दिनों का ही मेहमान है। बल्केश्वर में फलों की दुकान लगाने वाले हरी ने बताया कि इन दिनों शरीर को ठंडा रखने वाले फलों की डिमांड ज्यादा है। इन्हीं में से एक फालसा भी है। इस फल की खासी डिमांड भी बढ़ चुकी है। बाजार में यह 200 से 250 रुपये प्रतिकिलो के भाव से बिक रहा है। यह फल गर्मियों में ही पकता है और बाजार में पहुंचता है। काफी तादाद में लोग इसे खाना पसंद करते हैं। कुछ लोग तो इसका शरबत बनाकर भी पीते हैं।गांधी नगर क्षेत्र में फालसा की ढकेल लगा रहे विवेक ने बताया कि इन दिनों फालसे की काफी डिमांड है। महंगा होने के बावजूद भी यह पूरे जिले में फालसा धूम मचा रहा है, जो आगरा में आसानी से उपलब्ध है।
फालसा खरीद रहे कुछ लोगों ने बताया कि यह न सिर्फ स्वाद में अच्छा होता है, बल्कि यह स्वास्थ्य के लिए भी बेहद फायदेमंद है। इसमें विटामिन सी और एंटीऑक्सीडेंट भरपूर मात्रा में होते हैं, जो शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाते हैं। शरीर के तापमान को बनाए रखकर हीट स्ट्रोक को रोकने में भी यह मदद कर सकता है। गर्मी के दिनों में इसका सेवन शरीर को ठंडक पहुंचाने के साथ-साथ पेट और हृदय से जुड़ी समस्याओं में भी राहत देता है। यह सिर्फ गर्मी के मौसम में ही मिलता है।