आगरालीक्स (18th October 2021 Agra News)…इनर रिंग रोड भूमि अधिग्रहण घोटाले में एफआईआर. 28 दिन बाद किसान नेता ने तोड़ा अनशन. कहा, अगर ठीक से जांच हो जाए तो 100 से अधिक अफसर मिलेंगे दोषी.
इनर रिंग रोड और लैंड पार्सल भूमि अधिग्रहण घोटाले को लेकर 28 दिन से किसान नेता श्याम सिंह चाहर तहसील में धरना दे रहे थे। उन्होंने अनशन कर रखा था। उन्हें जिला अस्पताल मं भर्ती कराया गया था। इसके बाद से ही अफसरों ने उनहें मनाने की कोशिश की लेकिन वह नहीं माने। वह दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग कर रहे थे। सोमवार को लगभग 28 दिन बाद एडीएम सिटी, अन्य प्रशासनिक अधिकारी और राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि जिला अस्पताल पहुंचे। सभी ने अनशन तोड़ने को कहा। लेकिन वह नहीं माने।

एफआईआर की कॉपी मांगी
किसान नेता श्याम सिंह चाहर ने कहा कि पहले उन्हें एफआईआर की कॉपी दी जाए। इसके बाद ही वह अनशन समाप्त करेंगे। तब एडीएम सिटी ने उन्हें यह कॉपी उपलब्ध कराई। इसके बाद उन्होंने अनशन तोड़ दिया। इसके बाद किसान नेता सोमवीर यादव तहसील पहुंचे और एफआईआर की जानकारी दी। तब वहां पर चल रहे धरने को भी समाप्त कराया गया।
100 से अधिक दोषी हैं
किसान नेता श्याम सिंह चाहर ने बताया कि मुकदमे में कुछ नामजद तो कुछ लोगों को अज्ञात में रखा गया है। जांच बढ़ने के साथ ही वह इस घोटाले में शामिल अफसरों के खिलाफ कार्रवाई को संघर्ष करते रहेंगे। उन्हेांने कहा कि अगर ठीक से जांच हुई तो 100 से अधिक अफसर दोषी पाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि प्रशासन ने बड़े अफसरों को अज्ञात में रखा है। इनके खिलाफ मजबूती के साथ लड़ाई लड़ी जाएगी जिससे यह अधिकारी बच न सके।