आगरालीक्स आगरा में रेलवे के गाधापाड़ा मालगोदाम में मल्टी स्टोरी बिल्डिंग बनाने के लिए लीज की प्रक्रिया के दौरान पेड़ काटने पर गणपति इन्फ्रास्टक्चर डेवलेपमेंट कंपनी लिमिटेड और गणपति लीजिंग इन्फ्रास्ट्रचर प्राइवेट लिमिटेड पर मुकदमा।
आगरा के गधापाड़ा, जीवनीमंडी में रेलवे का मालगोदाम है। मालगोदाम को 99 साल की लीज पर आवासीय प्रोजेक्ट बनाने के लिए लीज पर देने की प्रक्रिया चल रही है। रेल भूमि विकास प्राधिकरण द्वारा 90000 वर्ग मीटर जमीन लीज पर देने के लिए टेंडर निकाले गए थे, गणपति ग्रुप को 352 करोड़ रुपये में जमीन दी गई है रेलवे के अनुसार, अभी लीज की प्रक्रिया पूरी नहीं हुई है।
23 पेड़ काटने का आरोप
ईदगाह रेलवे स्टेशन के इंजीनियर दिनेश कुमार ने थाना हरीपर्वत में मुकदमा दर्ज कराया है। इसमें आरोप लगाए हैं कि गणपति इन्फ्रास्टक्चर डेवलेपमेंट कंपनी लिमिटेड और गणपति लीजिंग इन्फ्रास्ट्रचर प्राइवेट लिमिटेड , 94 गणपति स्क्वायर विजय नगर कॉलोनी ने अनधिकृत रूप से रेलवे के गाधापाड़ा स्थित मालगोदाम में प्रवेश कर 23 पेड़ों को काट दिया गया। रेल भूमि विकास प्राधिकरण द्वारा इन कंपनियों को 99 साल के लिए लीज पर भूमि देने की प्रक्रिया चल रही है किंतु अभी तक कंपनियों को भूमि हस्तांतरित नहीं हुई है।
संयुक्त टीम ने निरीक्षण के बाद सीईसी को भेजी रिपोर्ट
मालगोदाम में पेड़ काटने की शिकायत के बाद रेलवे, रेलवे भूमि विकास प्राधिकरण, वन विभाग और पर्यावरण विद डॉ. शरद गुप्ता की टीम ने निरीक्षण किया था। इसमें पेड़ काटने की रिपोर्ट तैयार की गई, रिपोर्ट सीईसी को भेज दी गई।