आगरालीक्स ……शादी में बिना बुलाए मेहमान चर्चा में हैं, इसी तरह का मामला आगरा में आया है। यहां एक शादी में बिना बुलाए पहुंचे युवक डीजे बंद करने पर भड़क गए, महिलाओं से अभद्रता की, मुकदमा दर्ज।

आगरा के थाना शाहगंज क्षेत्र में 28 नवंबर को युवती की शादी थी, मैरिज होम आयोजित शादी में डीजे पर युवक और युवतियां डांस कर रहे थे। रात 10 बजे तक ही डीजे बजा सकते हैं, मैरिज होम संचालक ने रात 10 बजे डीजे बंद करा दिया। डीजे बंद होते ही युवक और युवती कुछ और देर के लिए डीजे बजाने की कहने लगे, उन्होंने लड़की पक्ष के लोगों ने समझा दिया लेकिन चार युवक डीजे दोबारा बजाने की जिद पर अड़ गए।
डीजे न बजाने पर की अभद्रता
आरोप है कि जब डीजे नहीं बजाया तो युवकों ने महिलाओं से अभद्रता कर दी, शादी में वधु पक्ष की तरफ से एक महिला भी आई थी। उसने युवकों से मना किया कि अब डीजे नहीं चलेगा और अभद्रता का विरोध किया, इस पर युवक महिला से अभद्रता करने लगे। आरोप है कि जब वे अपने कमरे में गई तो उसके पीछे युवक पहुंच गए और छेड़छाड़ करने लगे।
बिना बुलाए पहुंचे थे युवक
महिला के शोर मचाने पर अन्य लोग आ गए, युवक वहां से भाग खड़े हुए। युवकों के बारे में जानकारी जुटाने पर पता चला कि उन्हें तो वर और वधु पक्ष में से किसी ने बुलाया ही नहीं था। इस मामले में महिला की तहरीर पर थाना शाहगंज में मुकदमा दर्ज किया गया है। थाना शाहगंज के प्रभारी निरीक्षक जसवीर सिंह सिरोही का कहना है कि महिला की तहरीर पर रवि, रविंद्र, मनीष और छोटू के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। जांच की जा रही है।