आगरालीक्स…आगरा में ग्रीन गैस की पाइप लाइन में लगी आग. आग की लपटें उठीं तो लोगों में मच गई अफरातफरी.
आगरा के गढ़ी भदौरिया में रविवार दोपहर को उस समय हड़कंप मच गया जब खाली प्लॉट के पास स्थित ग्रीन गैस लाइन के चैंबर में भीषण आग लग गई. आग की लपटें उठी तो लोगों में अफरातफरी मच गई. पास में रहने वाले लोग घबरा गए. लोगों ने अपने घरों की लाइन को बंद कर दिया. करीब एक घंटे बाद मौके पर पहुंचे ग्रीन गैस के अधिकारियों ने आग पर काबू पाया, जिसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली.

ऐसे लगी आग
आगरा में गढ़ी भदौरिया में ग्रीन गैस की अंडरग्राउंड गैस की पाइपलाइन है. यहां स्थानीय लोगों को गैस की सप्लाई की जा रही है. बताया जाता है कि यहां खाली पड़े एक प्लॉट के पास गैस का चैंबर बना हुआ है. लोग प्लॉट में कूड़ा डालते हैं. रविवार को दोपहर को किसी ने कूड़े में आग लगा दी. यह आग गैस की पाइपलाइन तक पहुंच गई और ऊंची—ऊंची लपटें उठना शुरू हो गईं. यह देखकर लोगों में अफरातफरी मच गई उन्होंने अपने घर में सप्लाई को बंद कर दिया. इसकी सूचना गैस कंपनी के अधिकारियों को दी तो वो करीब एक घंटे बाद मौके पर पहुंचे. इसके बाद किसी तरह आग पर काबू पाया गया.