आगरालीक्स…आगरा से बेवर जा रही रोडवेज बस में लगी आग. 35 यात्री थे बस में सवार. दोपहर सवा दो बजे हुआ हादसा. खिड़कियों से कूदकर बचाई यात्रियों ने अपनी जान..
आगरा से मैनपुरी के बेवर जा रही यूपी रोडवेज की एक बस में मंगलवार दोपहर को फिरोजाबाद हाइवे पर भीषण आग लग गई. बस में उस समय करीब 35 यात्री सवार थे. आग लगने की जानकारी होने पर यात्रियों में अफरातफरी मच गई. कई यात्रियों ने खिड़कियों से कूदकर अपनी जान बचाई. थोड़ी ही देर में आग की लपटों ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया. गनीमत रही कि चाल की सतर्कता से समय पर बस को रोक दिया गया और सभी यात्री सुरक्षित उतर गए, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था.

दोपहर दो बजे हुई घटना
आगरा के आईएसबीटी से बेवर डिपो की एक बस बेवर के लिए निकली थी. बस में चालक विपेंद्र कुमार और परिचालक संजीवम शर्मा थे. करीब सवा दो बजे बस सुभाष तिराहा पारकर बोधाश्रम चौराहा के पास फिरोजाबाद—इटावा हाइवे मार्ग पर पहुंची, इसी दौरान बस का डीजल टैंक टूटकर सड़क पर गिर गया और यह करीब सौ मीटर दूर तक सड़क पर रगड़ता रहा. इसी बीच डीजल टैंक से निकली चिंगारी से बस में आग लग गई. चालक ने साइड के शीशे से डीजल टैंक के पास से आग की लपटें उठती देखीं तो उसने बस को हाइवे पर रोकने के सााि ही यात्रियों को अलर्ट कर उतर जाने को कहा. बस में आग लगने की सूचना पर यात्रियों में हड़कंप मच गया. आनन—फानन में यात्रियों ने खिड़की और दरवाजों से कूदकर अपनी जान बचाई.
घटना की सूचना फायर विभाग को दी गई लेकिन थोड़ी ही देर में आग की लपटों ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया. आरोप है कि फायर ब्रिगेड की गाड़ी यहां करीब 50 मिनट बाद पहुंची, लेकिन तब तक बस पूरी तरह से जल चुकी थी. सूचना पर एसपी सिटी मुकेश चंद्र, कोतवाल रसूलपुर और कोतवाल दक्षिण भी मौके पर पहुंच गए. बस में लगी आग के कारण हाइवे पर एक ओर का यातायात करीब एक घंटे तक बाधित रहा.