आगरालीक्स…आगरा में बड़ी घटना. हाथीघाट पर चार दोस्त यमुना में डूबे. स्टीमर से की जा रही तलाश…
आगरा में बड़ी घटना हुई है. यमुना में नहाने के लिए गए चार युवक नदी में डूब गए हैं. उनको डूबता देख उनके दो साथी बचाने के लिए यमुना में उतरे लेकिन वो भी डूबने लगे. इन दोनों को तो वहां मौजूद लोगों ने बचा लिया लेकिन चारों दोस्त डूब गए हैं. पुलिस मौके पर पहुंच गई है. स्टीमर के जरिए नदी में सभी की तलाश की जा रही है. सूचना पर परिजन भी मौके पर पहुंच गए हैं. सभी का रो—रोकर बुरा हाल हो गया है.
हाथी घाट का है मामला
सदर के रहने वाले छह युवक आज दोपहर को हाथी घाट पर पूजा करने के लिए गए थे. पूजा करने के दौरान चार युवक रितिक, विष्णु, सचिन और तुषार यमुना में नहाने के लिए उतर गए और नहाते समय वो गहरे पानी में चले गए. जब वो डूबने लगे तो उन्होंने शोर मचाया. दोस्तों का शोर सुनकर वहां मौजूद इनके दो साथी पवन और विशाल भी नदी में बचाने के लिए कूद गए. लेकिन जैसे ही वो आगे बढ़े तभी वो भी डूबने लगे. इस पर पास में कपड़े धो रहे लोगों ने पवन और विशाल को तो बचा लिया लेकिन बाकी चारों का कुछ पता नहीं चला है.
चार युवकों के नदी में डूबने की सूचना पर थाना छत्ता, एत्माद्दौला और सदर थाने का फोर्स मौके पर हपुंच गया है. युवकों की तलाश के लिए गोताखोर नदी में उतारे गए हैं.. इसके अलावा स्टीमर के जरिए भी चारों की तलाश की जा रही है. सूचना पर युवकों के परिजन मौके पर पहुंच गए हैं. पता न चलने पर उन सभी का रो—रोकर बुरा हाल हो गया है.
