आगरालीक्स…आगरा के शारदा विश्वविद्यालय में 8वीं ISKF नेशनल कराटे-डो चैंपियनशिप 2025-26 का भव्य शुभारंभ, पहले दिन शानदार मुकाबले
खेलों के माध्यम से युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास एवं आत्मरक्षा की भावना को सशक्त करने के उद्देश्य से शारदा विश्वविद्यालय आगरा में 8वीं ISKF नेशनल कराटे-डो चैंपियनशिप 2025-26 का भव्य आयोजन किया जा रहा है। इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता का सह-आयोजन शारदा विश्वविद्यालय आगरा द्वारा इंडियन शोतोकान कराटे-डो फेडरेशन (ISKF) के तत्वावधान में किया गया है, जिसमें देश के विभिन्न राज्यों से कराटे खिलाड़ी एवं टीमें भाग ले रही हैं।
प्रतियोगिता का विधिवत उद्घाटन मुख्य अतिथि शालू शर्मा द्वारा किया गया। इस अवसर पर उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि कराटे न केवल खेल है बल्कि यह अनुशासन, आत्मसंयम एवं आत्मरक्षा का सशक्त माध्यम भी है।

उद्घाटन दिवसर मुख्य प्रशासनिक अधिकारी डॉ. खालिद मंसूर, खेल अधिकारी वेद प्रकाश पांडे, असिस्टेंट मैनेजर आनंदिता चौहान सहित विश्वविद्यालय के शिक्षकगण, विद्यार्थीगण एवं बड़ी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित रहे।
प्रतियोगिता के पहले दिन के सभी मुकाबले सफलतापूर्वक संपन्न हो चुके हैं, जिसमें विभिन्न राज्यों से आई टीमों एवं प्रतिभागियों ने बेहतरीन तकनीक, अनुशासन एवं खेल भावना का शानदार प्रदर्शन किया। काता एवं कुमिते वर्गों में खेले गए मुकाबलों ने दर्शकों को रोमांचित कर दिया और खिलाड़ियों के उत्कृष्ट कौशल की सराहना की गई।
कार्यक्रम के अंत में विश्वविद्यालय के माननीय चांसलर श्री पी.के. गुप्ता, माननीय प्रो-चांसलर श्री वाई.के. गुप्ता एवं माननीय वाइस चांसलर प्रोफेसर डॉ. जयंती रंजन द्वारा इस सफल आयोजन हेतु आयोजक मंडल को बधाई देते हुए सभी खिलाड़ियों एवं टीमों को उज्ज्वल भविष्य के लिए हार्दिक शुभकामनाएं संदेश प्रेषित किया गया।