आगरालीक्स…आगरा में आवास विकास परिषद ने अवैध बाउंड्रीवाल की धवस्त. सिकंदरा योजना के सेक्टर 2बी में प्रवर्तन दल की सख्त कार्रवाई
उत्तर प्रदेश आवास एवं विकास परिषद की सिकंदरा योजना के सेक्टर-2बी स्थित भूखण्ड संख्या 163 एवं 164 पर बिना मानचित्र स्वीकृति एवं परिषद के प्रचलित नियमों का उल्लंघन करते हुए किए जा रहे अवैध निर्माण के विरुद्ध प्रवर्तन दल द्वारा सख्त कार्रवाई की गई। प्रवर्तन दल अधिकारी कर्नल जी एम ख़ान ने जानकारी दी कि संबंधित भू-स्वामी द्वारा उक्त भूखण्डों पर अवैध रूप से बाउंड्रीवाल का निर्माण कराया जा रहा था। अवैध निर्माण की सूचना प्राप्त होने पर अधिशासी अभियंता सूरज पाल सिंह द्वारा सहायक अभियंता गजेन्द्र सिंह को नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
निर्देशों के अनुपालन में प्रवर्तन दल मौके पर पहुंचा और जांच के उपरांत जेसीबी मशीन की सहायता से लगभग 500 वर्ग गज क्षेत्र में निर्मित अवैध बाउंड्रीवाल को ध्वस्त कर दिया गया। कार्रवाई के दौरान सहायक अभियंता गजेन्द्र सिंह, सहायक अभियंता मयंक कुमार कौशिक, अवर अभियंता सुनील कुमार यादव, अवर अभियंता अभिनव कीर्तिराव सहित परिषद के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। प्रवर्तन दल की कार्रवाई शांतिपूर्ण एवं नियमानुसार संपन्न हुई तथा मौके पर अवैध निर्माण को हटाकर परिषद के नियमों का अनुपालन सुनिश्चित किया गया। अधीक्षण अभियंता पंकज कुमार पाल ने स्पष्ट किया कि परिषद की योजनाओं में बिना स्वीकृति अथवा नियमों के विरुद्ध किए जाने वाले किसी भी प्रकार के निर्माण के खिलाफ सख्त एवं निरंतर प्रवर्तन कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।