आगरालीक्स…आगरा में अंग्रेजी शराब की दुकान के पास रेड. पुलिस ने दुकान का शटर खोला तो अंदर चल रहा था यह अवैध धंधा…
आगरा में पुलिस और आबकारी विभाग की टीम ने एत्मादपुर में एक अंग्रेजी शराब की दुकान पर छापा मारा. पुलिस ने दुकान का शटर खोला तो अंदर अवैध रूप से शराब बनाई जा रही थी. पुलिस को यहां देखते ही हड़कंप मच गया. पुलिस ने एक को मौके से अरेस्ट कर लिया और अवैध शराब सहित अन्य सामान भी बरामद किया है. पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया है.
आबकारी विभाग को अवैध शराब बनाए जाने की सूचना मिली थी. इस पर मंगलवार रात को आबकारी अधिकारियों ने पुलिस फोर्स के साथ कस्बा स्थित एक अंग्रेजी शराब के ठेके के पास एक दुकान पर छापा मारा. पुलिस ने दुकान का शटर खोला तो दुकान के पीछे परिसर में दो व्यक्ति हाथ में पेटी पकड़े हुए थे. पुलिस को देखते ही उनमें से एक भाग गया जबकि दूसरे को पुलिस ने पकड़ लिया. पुलिस ने उसके पास से 1.21 लाख रूपये कैश बरामद किया. इसके अलावा दुकान से अवैध शराब व उसे बनाने का सामान बरामद हुआ. पकड़े गए व्यक्ति का नाम बिपिन कुमार है और वह भरतपुर के थाना सेवर अंतर्गत राधा नगर का रहने वाला है. फरार उसके साथी का नाम जयवीर निवासी इटावा है.

पकड़े गए आरोपी ने बताया कि वह, जयवीर ओर एत्मादपुर विदेशी मदिरा का अनुज्ञापी तेजवंत कालरा इस अवैध कार्य को करते हैं. पुलिस ने अंग्रेजी शराब की दुकान पर पहुंचकर जांच की और मैनेजर संदीप शर्मा को बुलाकर स्टॉक रजिस्टर चेक किया. दुकान में शराब की कई बोतलों को इनवैलिड दर्शाया गया. बताया जाता है कि आरोपी खाली बोतलों में अवैध शराब भरकर इस दुकान की आड़ में बेचते थे. पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है. अंग्रेजी शराब की दुकान को सील कर दिया है.