आगरालीक्स …..आगरा में प्राइवेट डॉक्टरों की सुबह छह बजे से हड़ताल शुरू हो गई है, 24 घंटे तक इमरजेंसी सेवाएं भी ठप रहेंगी। डॉक्टरों की क्या है मांग, कहां कराएं इलाज। डीएम प्रभु एन सिंह का आईएमए से कहना है कि इमरजेंसी सेवा न बंद की जाएं। मरीजों का ख्याल रखा जाए।

ये है मामला
28 मार्च 2022 को राजस्थान के दौसा जिले के लालकोट कस्बे के आनंद हॉस्पिटल में डिलीवरी के बाद पीपीएच यानी अत्यधिक रक्तस्राव से प्रसूता की मौत हो गई थी। ग्रामीणों ने हॉस्पिटल में हंगामा किया। इस मामले में हॉस्पिटल संचालक डॉ. सुनित उपाध्याय और उनकी पत्नी स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. अर्चना शर्मा के खिलाफ हत्या की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। इससे तनाव में आई स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. अर्चना शर्मा ने 29 मार्च की सुबह सुसाइड कर ली थी उन्होंने सुसाइड नोट भी छोड़ा था। इसके बाद से देश भर के डॉक्टरों में आक्रोश है।
आज सुबह से 1 अप्रैल सुबह छह बजे तक हड़ताल
आईएमए, आगरा के सदस्य डॉक्टर गुरुवार सुबह छह बजे से हड़ताल पर चले गए हैं, शुक्रवार सुबह छह बजे तक डॉक्टरों की हड़ताल रहेगी। डॉक्टर ओपीडी में मरीजों को परामर्श नहीं देंगे, इमरजेंसी में भी नए मरीज नहीं देखे जाएंगे।
ये है मांग
आईएमए आगरा के अध्यक्ष डॉ. राजीव उपाध्याय ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश अनुसार किसी भी डॉक्टर पर कोई भी मुकदमा तब तक दर्ज नहीं किया जा सकता जब तक मेडिकल बोर्ड उस प्रकरण की पूरी जांच नहीं कर लेता। बावजूद इसके बहुत बार देखा गया है कि पुलिस तानाशाही रवैया अपनाती है और अपने स्तर से मुकदमा दर्ज कर लेती है। आगरा में डॉक्टरोें की मांग है कि प्रशासन इस बात को संज्ञान में ले ऐसा किसी भी चिकित्सक के साथ न हो।
एसएन और जिला अस्पताल में मिलेगा इलाज
प्राइवेट हॉस्पिटल और क्लीनिक बंद रहने पर मरीजों को एसएन मेडिकल कॉलेज और जिला अस्पताल में इलाज मिलेगा, इसके लिए डॉक्टरों को अलर्ट किया गया है।